पंजाब में सरकार की कोई भी गारंटी योजना बंद नहीं होगी : केजरीवाल

मोगा, 26 नवंबर पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को अपने स्थापना दिवस के अवसर पर मोगा में 'खुशहाल पंजाब महारैली' का आयोजन किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री भगवंत मान का समर्थन करने की अपील की।
केजरीवाल ने कहा कि वह आज मंच से सबसे बड़ी गारंटी देकर जा रहे हैं कि पंजाब में कोई भी गारंटी बंद नहीं होगी। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपना आशीर्वाद देने की अपील की। केजरीवाल ने महिलाओं से कहा कि वे मिलने वाली आर्थिक सहायता से अपनी पसंद का सामान खरीदें, लेकिन अपने लिए एक जोड़ी जूते जरूर खरीदें और उन्हें पहनकर मतदान करने जाएं। उन्होंने महिलाओं से अपने परिवार के पुरुष सदस्यों को भी आम आदमी पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने मुफ्त बिजली, खेतों तक नहरी पानी और 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं। केजरीवाल ने दावा किया कि प्रदेश में 70 हजार युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। पार्टी के स्थापना दिवस पर केजरीवाल ने सामाजिक माध्यम पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के गठन के समय कई सवाल उठाए गए थे, लेकिन तमाम चुनौतियों के बावजूद आम आदमी पार्टी ने जनता का विश्वास हासिल किया।
उन्होंने दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाने के साथ जम्मू-कश्मीर, गोवा और गुजरात में जनता का समर्थन मिलने का जिक्र किया। केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि देश के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी है और आम आदमी पार्टी न डरेगी, न पीछे हटेगी।

