Pal Pal India

हरियाणा के 700 स्कूलों में बनेंगी नई इमारतें:नायब सैनी

 -मुख्यमंत्री ने 719 उत्कृष्ट विद्यालयों में इसी साल आईसीटी लैब स्थापित करने के दिए निर्देश-सभी 14,297 स्कूलों में पेयजल की होगी जांच-प्रत्येक जिले को मिलेंगे एक-एक करोड़ रुपये
 
 हरियाणा के 700 स्कूलों में बनेंगी नई इमारतें:नायब सैनी

 चंडीगढ़, 13 अक्टूबर  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के कंडम हो चुके लगभग 700 स्कूलों में नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था, कंडम भवनों के पुनर्निर्माण, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षकों के रिक्त पदों, डिजिटल शिक्षा और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि नए स्कूल भवनों का निर्माण आधुनिक विशिष्टताओं के अनुरूप किया जाए। डिजाइन में प्राकृतिक हवा के आवागमन की पर्याप्त व्यवस्था हो, ताकि विद्यार्थियों को अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी 719 उत्कृष्ट विद्यालयों में इसी वर्ष कम से कम 10 कंप्यूटर वाली एक-एक सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) लैब स्थापित की जाए। इसके लिए उन्होंने हारट्रोन को कंप्यूटर खरीद की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने बैठक में बताया कि प्रदेश में राज्य सरकार कुल 14,297 स्कूल संचालित कर रही है। इनमें मुख्यमंत्री उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं प्रारंभिक शिक्षा (सीएम ईईई) स्कूलों के साथ पीएम श्री और राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों सहित कुल 719 उत्कृष्ट विद्यालय शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी 14,297 सरकारी स्कूलों में पीने के पानी की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित पेयजल और जरूरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी जिलों के स्कूलों में आवश्यक कार्य अतिरिक्त उपायुक्तों के माध्यम से करवाने को कहा। इसके लिए वित्त विभाग को प्रत्येक जिले में एक-एक करोड़ रुपये उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जिलों में कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की निगरानी के लिए एक पोर्टल बनाने को कहा, ताकि कार्यों की नियमित समीक्षा की जा सके।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेशव्यापी पौधारोपण अभियान में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी की। अभियान के तहत प्रदेश के 13,126 विद्यालयों के 11,77,766 विद्यार्थियों और 74,419 शिक्षकों की सहभागिता से कुल 10,47,122 पौधे लगाए गए।