Pal Pal India

मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को ईडी का समन, 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया

 - विधायक से जुड़े सात ठिकानों पर 36 घंटे चली थी छापेमारी
 
  मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को ईडी का समन, 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया

चंडीगढ़, 11 नवंबर । पंजाब के मोगा विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय ने उन्हें 25 नवंबर को पूछताछ के लिए पेश होने का समन जारी किया है। यह कार्रवाई पिछले सप्ताह विधायक, उनके परिवार और करीबी सहयोगियों से जुड़े सात ठिकानों पर करीब 36 घंटे चली तलाशी के बाद की गई है।
ईडी की जांच जून, 2024 में मोगा जिले के धर्मकोट थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई थी। मामला राष्ट्रीय राजमार्ग 754ए के निर्माण के लिए अधिग्रहित सरकारी और अन्य संस्थाओं की जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेरफेर तथा मुआवजे की राशि गलत तरीके से निजी खातों में भेजने से जुड़ा है। ईडी के अनुसार अधरमान गांव में सरकारी जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित बदलाव करके 1 करोड़ 65 हजार 724 रुपये का मुआवजा गलत तरीके से दिलाया गया। यह राशि दिलकुश कुमारी के बैंक खाते में जमा हुई थी, जिसे बाद में फ्रीज कर दिया गया।
जांच एजेंसी ने विधायक, उनके पति और सहयोगियों पर कथित रूप से इस राशि के दुरुपयोग में शामिल होने का आरोप लगाया है। ईडी ने मोगा में केंद्र और पंजाब सरकार, नगर निगम, मार्केट कमेटी तथा चर्च ट्रस्ट की जमीनों के कथित अवैध हस्तांतरण की भी जांच शुरू की है। तलाशी के दौरान संदिग्ध बेनामी संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद होने का दावा किया गया है।
विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जमीन के रिकॉर्ड में कथित हेरफेर से उनका कोई संबंध नहीं है।उन्होंने कहा कि संबंधित जमीन का अधिग्रहण और मुआवजे का भुगतान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ था। विधायक ने दावा किया कि ईडी द्वारा बताई गई संपत्तियों में उनके परिवार या रिश्तेदारों की कोई भागीदारी नहीं है। उन्होंने संबंधित संपत्तियों का रिकॉर्ड एकत्र कर लिया है और वह स्वयं ईडी के सामने दस्तावेज पेश करेंगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।