Pal Pal India

राहुल के लंदन में दिए भाषण पर मोदी का निशाना

पीएम बोले- कुछ लोग विदेशों में भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं
 
pm

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव से दो महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को एक बार फिर राज्य के दौरे पर मांड्या व हुबली-धारवाड़ पहुंचे। पिछले दो महीने से भी कम समय में मोदी राज्य में छठी बार आए हैं। प्रधानमंत्री ने पहले कांग्रेस-जेडीएस के गढ़ मंड्या में रोड शो किया और फिर एक जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद वे हुबली-धारवाड़ पहुंचे और आईआईटी धारवाड़ का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने इशारों-इशारों में राहुल गांधी पर निशाना साधा। पीएम ने कहा- यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लंदन में भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाए गए। भारत के लोकतंत्र की जड़ें, हमारे सदियों के इतिहास से सींची गई हैं। दुनिया की कोई ताकत भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं को नुकसान नहीं पहुंचा सकती।

कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में राहुल ने क्या कहा था?

इसी महीने की शुरुआत में राहुल गांधी 3 दिन के लंदन दौरे पर थे। उन्होंने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में कहा था कि संसद में माइक बंद कर दिए जाते हैं। विपक्ष अपनी आवाज नहीं रख सकता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का कोई नेता किसी भी यूनिवर्सिटी में बोल नहीं सकता। भारत में लोकतंत्र पर सीधा प्रहार हो रहा है।