Pal Pal India

'मोचा' से बच गया पश्चिम बंगाल, म्यांमार में मचाई तबाही

 
 'मोचा' से बच गया पश्चिम बंगाल, म्यांमार में मचाई तबाही
कोलकाता, 15 मई। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात 'मोचा' के कहर से पश्चिम बंगाल तो बच गया पर इससे म्यांमार में तबाही हुई है। रविवार देररात चक्रवात म्यांमार के सीतवे समुद्र तट से टकराया। इस दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। 210 किलोमीटर से अधिक रफ्तार से चली आंधी से सैकड़ों घर और पेड़ गिर गए। इससे यातायात, बिजली आदि की आपूर्ति बाधित हुई है।

चक्रवात बांग्लादेश के भी कॉक्स बाजार समुद्र तट के करीब पहुंच चुका है। आज दोपहर तक लैंडफॉल करेगा। हालांकि मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि चक्रवात अब निम्न दबाव में तब्दील हो रहा है। इसलिए बांग्लादेश में जानमाल का अधिक नुकसान नहीं होगा।

चक्रवात के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के समुद्र तटीय क्षेत्र पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण और उत्तर 24 परगना में तेज हवा के साथ रात से ही बारिश हो रही है। कोलकाता के भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है। बिहार और झारखंड के लोगों को देररात तेज आंधी-तूफान का सामना करना पड़ा। विभाग ने बताया है कि सोमवार को राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 26.1 और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा।