खारियां स्कूल का खुलवाया ताला: तहसीलदार शिक्षा अधिकारी की मौजूदगी में एसएचओ ने 2 दिन का मांगा समय

रानियां, 23 अक्टूबर
राजकीय पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल खारियां के मेन गेट को ताला लगाकर धरना पर 2 दिन से बैठे अध्यापकों व ग्रामीणों के बीच जिला उपयुक्त के आदेशों पर तहसीलदार, जिला शिक्षा अधिकारी व थाना प्रभारी धरना स्थल पर पहुंचे । मौका पर बैठे लोगों व नंबरदार सरपंच प्रतिनिधि एसएमसी सदस्यों की एक कमेटी का गठन करके बैठक बुलाई जिसमें थाना प्रभारी रामकुमार ने दोषी को गिरफ्तार करने के लिए 2 दिन का समय मांगा जिस पर सभी ने सहमति जताते हुए 2 दिन का समय देकर धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान तहसीलदार शुभम शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, थाना प्रभारी रामकुमार, एसएमसी कमेटी के सदस्य, लंबरदार टेक बहादुर, प्रदीप जांगू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे । बैठक के दौरान हसला कमेटी के सदस्यों व विद्यालय स्टाफ ने छात्रों व अध्यापकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए । इस दौरान हसला सदस्यों ने इस घटनाक्रम को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को भी लपेटे में लेते हुए कहा कि घटना के 2 दिन बाद शिक्षा विभाग की टीम मौका पर पहुंची है वह भी तहसीलदार की मौजूदगी में जबकि उन्हें अध्यापकों की परेशानी पर तुरंत संज्ञा लेना चाहिए था वहीं तहसीलदार शुभम शर्मा ने कहा कि प्रशासन के आदेशानुसार इस मामले में कोताही नहीं बरती जाएगी प्रशासन ने दोषी लोगों को गिरफ्तार करने के लिए कड़ा संज्ञान लिया है । थाना प्रभारी रामकुमार ने उपस्थित बैठक में कहा कि उन्हें दो दिन का समय दिया जाए पुलिस ने चार अलग-अलग टीमें बनाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है । उन्होंने कहा कि विद्यालय के मेन गेट पर पुलिस राइडर की एक टीम तैनात रहेगी । प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद धरना पर अध्यापकों, एसएमसी कमेटी सदस्यों, अन्य लोगों ने धरना समाप्त करके में गेट खुलवा दिया । जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला ने कहा कि अब नियमित रूप से विद्यालय को खोला जाए उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी ।

