लालजीत सिंह भुल्लर 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे

चंडीगढ़, 10 नवंबर पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और पट्टी विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायक लालजीत सिंह भुल्लर ने 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी।
भुल्लर ने कहा कि पट्टी क्षेत्र के लोग उन्हें दोबारा चुनाव लड़ाने के लिए पार्टी नेतृत्व से आग्रह कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से मिले प्यार और समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि वह हमेशा उनके ऋणी रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी ने हाल ही में पूर्व पहलवान जसकंवर सिंह उर्फ जस्सा पट्टी को पट्टी विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया था।
लालजीत सिंह भुल्लर फिलहाल अमृतसर में पंजाब राज्य भंडारण निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की मौत से जुड़े मामले में जेल में बंद हैं। रंधावा की 21 मार्च 2026 को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई थी। मौत से पहले जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने गोदाम निर्माण के ठेकों के आवंटन को लेकर भुल्लर पर दबाव बनाने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे।
मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर भुल्लर ने परिवहन और जेल मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। रंधावा की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस ने 23 मार्च को मंडी गोबिंदगढ़ से भुल्लर को गिरफ्तार किया था। मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।

