Pal Pal India

प्रदेशभर में जनसरोकार के रूप में मनाया कुमारी सैलजा का 64वां जन्मदिन

 सैलजा बोलीं - जन्मदिन जनता के प्रति जिम्मेदारियों और संकल्पों को दोहराने का दिन; कार्यकर्ताओं से जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पित रहने का आह्वान
 
 प्रदेशभर में जनसरोकार के रूप में मनाया कुमारी सैलजा का 64वां जन्मदिन

 चंडीगढ़, 24 सितंबर।

सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं CWC सदस्य कुमारी सैलजा का 64वां जन्मदिन गुरुवार को प्रदेशभर में उत्साह और जनसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया। विभिन्न जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रक्तदान शिविर, हवन-यज्ञ तथा सेवा कार्यक्रम आयोजित किए। बुजुर्गों, मरीजों, जरूरतमंदों और दृष्टिबाधित बच्चों को फल व मिठाइयां वितरित की गईं।

हिसार के डाबड़ा चौक स्थित कुमारी सैलजा के आवास पर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। उन्होंने फूल, गुलदस्ते और मिठाइयां भेंट कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। नई दिल्ली और पंचकूला सहित प्रदेशभर में कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कुमारी सैलजा ने कहा कि जन्मदिन उनके लिए केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और संकल्पों को दोहराने का दिन है। सार्वजनिक जीवन में व्यक्ति का सबसे बड़ा दायित्व समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज मजबूती से उठाना और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा रहना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करते रहने का आह्वान किया।

कुमारी सैलजा ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं को अपना परिवार मानती हैं। इसी स्नेह और अपनेपन की वजह से प्रदेशभर से लोग शुभकामनाएं देने पहुंचे हैं। उन्होंने जन्मदिन पर मिले स्नेह के लिए कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।

पंचकूला में विधायक चंद्रमोहन, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी, सुधा भारद्वाज, श्याम सुंदर बतरा, नरपाल सिंह गुर्जर, देवेंद्र सिंह, एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल और अरविंद शर्मा सहित अनेक नेताओं ने जन्मदिन मनाया। सोशल मीडिया पर भी सुबह से बधाई संदेशों का सिलसिला जारी रहा।

सिरसा में हवन-यज्ञ और सेवा कार्यों के साथ मनाया जन्मदिन

सिरसा के कांग्रेस भवन में हवन-यज्ञ कर कुमारी सैलजा की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। पीसीसी डेलीगेट राजेश चाडीवाल ने बताया कि कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कानूनी प्रकोष्ठ, महिला कांग्रेस, जिला युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के सदस्यों ने आहुति डाली। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के बीच केक काटा और मिठाई बांटी। कुष्ठ आश्रम, सनातन धर्म मंदिर और भाई कन्हैया आश्रम में फल व मिठाइयां वितरित की गईं।

कार्यक्रम में कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला, वीरभान मेहता, गोपीराम चाडीवाल, सुरेंद्र बंसल, नवीन केडिया, राजकुमार शर्मा, अमीर चावला, संदीप नेहरा, रतनलाल गेदर, रामसिंह सोलंकी, जग्गा सिंह बराड़, रणधीर सिंह, कृष्णा फोगाट, गुरनाम सिंह झब्बर, मनदीप सिंह लकड़ांवाली, दुर्गा सिंह, प्रो. आरसी लिंबा, नरेश दरोलिया, राजपाल भांभू, विजय सिंह घोटड़ा, प्रदीप सैनी, लादूराम पूनिया और सतपाल मेहता सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सैलजा मुख्यमंत्री बनकर करें प्रदेश की जनसेवा : खोवाल

एआईसीसी लीगल डिपार्टमेंट के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि कुमारी सैलजा ने लंबे सार्वजनिक जीवन में अपनी बेदाग छवि, निडर व्यक्तित्व और सक्रियता से विशेष पहचान बनाई है। प्रदेश की जनता उन्हें हरियाणा का मुख्यमंत्री बनते देखना चाहती है। उनका जन्मदिन सामाजिक सद्भाव, जनसेवा और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए कार्य करते रहने का संकल्प दिवस है।

हिसार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक शीशपाल केहरवाला, चौधरी जगन्नाथ, एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल, वीरभान मेहता, राजकुमार शर्मा, अश्विनी शर्मा, सतेंद्र सिंह आदमपुर, भूपेंद्र गंगवा, मनोज राठी, मुकेश सैनी, राजेश चाडीवाल, एडवोकेट चंद्र हर्ष, सुरेंद्र बंसल, कृष्णा फोगाट, लादूराम पूनिया और साक्षी चौधरी सहित बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।