कुमारी सैलजा ने टोहाना प्रवास के दौरान जनता की समस्याएं सुनीं सरकार पर युवाओं, किसानों और आमजन की अनदेखी का लगाया आरोप

सिरसा क्षेत्र की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव ने अपने लोकसभा क्षेत्र के चौथे दिन के प्रवास के दौरान टोहाना में जनता की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर कांग्रेस विधायक परमवीर सिंह सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कुमारी सैलजा ने कहा कि वर्तमान सरकार की गलत नीतियों और जनविरोधी फैसलों के कारण आज हर वर्ग परेशान है। युवाओं के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है, किसानों और व्यापारियों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है, जबकि आम आदमी महंगाई और अव्यवस्थाओं के बोझ तले दब चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामियों का असर अब सीधे आम जनता के दैनिक जीवन पर दिखाई देने लगा है। सांसद ने कहा कि पहले एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी कर जनता की कमर तोड़ी गई। लोगों को पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ा और अब हालात यह हैं कि बैंकों के बाहर भी लोगों की कतारें लग रही हैं। जिन लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई बैंकों में जमा कर रखी है, उन्हें अपना ही पैसा निकालने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। यह स्थिति सरकार की आर्थिक नीतियों और प्रशासनिक विफलता को उजागर करती है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि किसानों को खेती के लिए खाद, बीज और नकदी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। व्यापारी बाजारों में मंदी और आर्थिक अस्थिरता से जूझ रहे हैं, जबकि युवा बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रियाओं में भेदभाव से निराश हैं। सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता का भरोसा लगातार टूट रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता को गुमराह करने के बजाय सच्चाई स्वीकार करनी चाहिए और तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का युवा आज भविष्य को लेकर चिंतित है। रोजगार के अवसर कम होते जा रहे हैं और जो भर्तियां निकलती भी हैं, उनमें पारदर्शिता दिखाई नहीं देती। दूसरी ओर महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है, जबकि जमीन पर जनता समस्याओं से जूझ रही है। कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, युवाओं, व्यापारियों और आम जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। सरकार को चाहिए कि वह जनता की समस्याओं का तत्काल समाधान करे, बैंकों में नकदी की व्यवस्था सुनिश्चित करे, महंगाई पर नियंत्रण लगाए और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करे, ताकि लोगों को अपने ही अधिकारों और पैसों के लिए दर-दर भटकना न पड़े।

