Pal Pal India

कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार की नीतियों को बताया व्यापारी, किसान और मजदूर विरोधी

 
 कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार की नीतियों को बताया व्यापारी, किसान और मजदूर विरोधी
 चंडीगढ़, 16 मई।

सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने कहा है कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश का व्यापारी, किसान, मजदूर और छोटे उद्योगों से जुड़े करोड़ों लोग गंभीर संकट में हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा सोने के आभूषण न खरीदने की अपील और उसके बाद सोने-चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाने से ज्वेलरी उद्योग से जुड़े करोड़ों परिवारों की रोजी-रोटी पर सीधा हमला हुआ है। 

कुमारी सैलजा ने कहा कि देश में ज्वेलरी और स्वर्णकार उद्योग से करोड़ों लोग जुड़े हुए हैं, जिनमें छोटे दुकानदार, सुनार, कारीगर और मजदूर शामिल हैं। यह क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान देता है, लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों से यह पूरा कारोबार मंदी और असुरक्षा के दौर में पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी, गलत जीएसटी, अनिवार्य हॉलमार्किंग और अब आयात शुल्क बढ़ाने जैसे फैसलों ने छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। सांसद ने कहा कि सोने पर आयात शुल्क बढ़ाने से तस्करी को बढ़ावा मिलेगा और इसका नुकसान ईमानदार व्यापारियों तथा छोटे ज्वेलर्स को उठाना पड़ेगा। सरकार को ज्वेलरी उद्योग पर बोझ डालने की बजाय घरेलू गोल्ड मोबिलाइजेशन, रिसाइक्लिंग और छोटे कारोबारियों को राहत देने की दिशा में कदम उठाने चाहिए। 

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से केवल ज्वेलरी उद्योग ही नहीं बल्कि किसान, व्यापारी और मजदूर सभी परेशान हैं। बढ़ती बेरोजगारी, बंद होते एम एस एम ई और महंगाई ने आम आदमी का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार ज्वेलरी उद्योग और छोटे व्यापारियों के लिए विशेष आर्थिक राहत पैकेज की घोषणा करे ताकि करोड़ों परिवारों की आजीविका सुरक्षित रह सके। कुमाारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के मेहनतकश कारीगरों, व्यापारियों, किसानों और मजदूरों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी रोजी-रोटी बचाने के लिए संसद से सडक़ तक संघर्ष जारी रखेगी