Pal Pal India

अंबाला से लोकसभा सांसद कटारिया का निधन

14 दिन पहले मनाई सालगिरह, पीएम मोदी-जेपी नड्डा ने शोक जताया 
 
अंबाला से लोकसभा सांसद कटारिया का निधन 
अंबाला, 18 मई। हरियाणा के अंबाला से भाजपा के लोकसभा सांसद रतनलाल कटारिया का निधन हो गया। उन्होंने बीती रात पीजीआई चंडीगढ़ में अंतिम सांस ली। वे पिछले कई दिनों से निमोनिया के चलते पीजीआई में भर्ती थे। उनकी अंतिम यात्रा पंचकूला के मनसा देवी कॉम्प्लेक्स सेक्टर-4 से निकलेगी। दोपहर में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। 4 मई को उन्होंने पीजीआई में शादी की 40वीं सालगिरह मनाई थी। कटारिया 50 वर्षों से आरएसएस से जुड़े हुए थे।
सांसद कटारिया के निधन पर सीएम मनोहर लाल ने शोक जताते हुए हरियाणा में एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्?डा ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। नड्डा ने लिखा है कि कटारिया जी, आजीवन जनसेवा, सामाजिक न्याय व संगठन के लिए समर्पित रहे। उनके रूप में हमने सच्चा जनसेवक खोया है।
वहीं, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़, गृह मंत्री अनिल विज ने सांसद रत्नलाल कटारिया के निवास स्थान पर पहुंच श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने दुख की घड़ी में परिवार के सदस्यों को ढांढस बढ़ाया।
सीएम मनोहर लाल व गृहमंत्री अनिल विज ने अपने सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। उन्होंने कहा कि रतनलाल कटारिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नजदीकी थे। फिल्मी गानों के साथ राजनीति में अपनी कई बातें कह जाते थे। कटारिया के निधन से भाजपा को भारी क्षति हुई है जिसकी पूर्ति होना बहुत मुश्किल है।