अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन ने शालू जिंदल को 'सीएसआर विजनरी लीडर ऑफ द ईयर' सम्मान मिलने पर खुशी व्यक्त की

डबवाली
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन पंजाब प्रदेश ने जिंदल फाउंडेशन की चेयरपर्सन शालू जिंदल को सामाजिक सेवाओं एवं कॉर्पोरेट उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उन द्वारा दिए जा रहे उल्लेखनीय योगदान के लिए नई दिल्ली में स्थित प्राइड प्लाजा होटल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में प्रतिष्ठित 'सीएसआर विजनरी लीडर ऑफ द ईयर' सम्मान से सम्मानित किए जाने पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने बताया कि शालू जिंदल कुरुक्षेत्र से तीसरी बार सांसद बने राष्ट्र भक्त नवीन जिंदल की धर्मपत्नी हैं। सिंगला ने बताया कि शालू जिंदल को यह सम्मान 7वें भारत सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी समिट एंड अवार्ड-2026 में प्रदान किया गया। शालू जिंदल के कुशल नेतृत्व में जिंदल फाउंडेशन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान मिला है। सिंगला ने बताया कि जिंदल परिवार का सामाजिक कार्यों में सदैव उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में विद्युत मंत्री एवं सांसद रहे स्व. ओपी जिंदल का अपने व्यापार एवं राजनीतिक जीवन के साथ-साथ सदैव जरूरतमंदों, गौसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल के क्षेत्र में अति प्रशंसनीय योगदान रहा है। अब उनकी धर्मपत्नी सावित्री जिंदल (विधायक हिसार), सुपुत्र नवीन जिंदल(सांसद कुरुक्षेत्र) एवं उनकी धर्मपत्नी शालू जिंदल स्व. ओपी जिंदल द्वारा दिखाए मार्ग पर चलते हुए हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। जिंदल परिवार के कार्यों से अग्रवाल वैश्य समाज का गौरव बढ़ा है। सिंगला ने कहा कि अग्रवाल वैश्य समाज की महिलाओं में शालू जिंदल के कार्यों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र एवं समाज के कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

