Pal Pal India

पंचकुला के एचपीएससी कार्यालय पर इनेलो का प्रदर्शन 18 को: जस्सा

 
 पंचकुला के एचपीएससी कार्यालय पर इनेलो का प्रदर्शन 18 को: जस्सा
 सिरसा। इंडियन नेशनल लोकदल की ओर से आगामी 18 मई को पंचकुला स्थित एचपीएससी कार्यालय पर सुबह 11 बजे प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। इस सिलसिले में इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने बताया कि एचपीएससी की ओर से पिछले कुछ समय से सरकारी नियुक्तियों में हरियाणा की बजाए बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को नौकरी देने का सिलसिला जारी रखे हुए है जो किसी भी वजह से तर्कसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा प्रमाण हाल ही में प्रवक्ताओं के पदों पर हरियाणा की बजाए बाहरी राज्यों को ज्यादा तरजीह दिया जाना शामिल है। हरियाणा के युवा पात्रों की अनदेखी किए जाने से प्रदेश के युवाओं में मौजूदा शासन व विभागों के प्रति काफी रोष है। हरियाणा के युवाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए ही इनेलो 18 मई को पंचकुला स्थित एचपीएससी के कार्यालय पर प्रदर्शन करेगी। इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि इस प्रदेश में सिरसा से सैकड़ों इनेलो कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में भाग लेंगे।