Pal Pal India

किसानों की मदद के लिए इनेलो आई आगे

 विधायक आदित्य देवीलाल ने सौंपा सीएम के नाम ज्ञापन
 
  किसानों की मदद के लिए इनेलो आई आगे

सिरसा। इंडियन नेशनल लोकदल के डबवाली हलका विधायक आदित्य देवीलाल व इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा के संयुक्त नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त सिरसा के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा को ज्ञापन भेजा जिसमें सिरसा जिले के बरसात की कमी से प्रभावित किसानों की मदद के लिए उन्हें उचित मुआवजा देने की मांग की गई। इनेलो की ओर से उपायुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में पार्टी की ओर से कहा गया कि इस बार सिरसा जिले में मानसूनी बरसात के चलते जिले के नरमा कपास, धान व ग्वार आदि उत्पादकों की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं। ऐसे में इनेलो मुख्यमंत्री हरियाणा से मांग करती है कि वे जिले में उचित सर्वे करवाकर प्रभावित किसानों को पर्याप्त मुआवजा देकर उन्हें आर्थिक तौर पर लाभान्वित करें। इससे पूर्व इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल व इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने मीडिया से कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री सिरसा में कष्ट निवारण समिति की बैठक में यह दावा करते हैं कि हरियाणा में पानी की कहीं केाई कमी नहीं है वहीं दूसरी ओर सिरसा में नहरें सूखी हैं और उसकी मार किसानों पर पड़ी है। दोनों नेताओं ने कहा कि अपराध के मामले में भी सीएम हरियाणा ने न केवल हरियाणा विधानसभा को गुमराह किया बल्कि प्रदेशवासियों को भी गुमराह करने पर आमादा हैं। इस अवसर पर डबवाली के हलकाध्यक्ष मंदर सिंह सरां ओढां, युवा इनेलो जिलाध्यक्ष भगवान कोटली, इनेलो जिला प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा, भोला सिंह मांगेआना, हरमीत सिंह पाना, गुरजीत सिंह पाना, जल्लौर सिंह सरपंच, प्यारा सिंह असीर, गुरचरण सिंह ओढां, महावीर जंडवाला व ओमप्रकाश सोनी सहित अनेकानेक पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।