महंगाई ने बिगाड़ा रसोई का बजट, गरीब और मध्यम वर्ग पर बढ़ा आर्थिक बोझ : कुमारी सैलजा

चंडीगढ़/नई दिल्ली, 14 अक्टूबर।
सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य कुमारी सैलजा ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यक खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी और मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि महंगाई संबंधी उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार खुदरा महंगाई दर 5.54 प्रतिशत और खाद्य महंगाई दर 7.74 प्रतिशत तक पहुंची थी। प्याज की कीमतों में 108 प्रतिशत, लहसुन में लगभग 55 प्रतिशत और अदरक में करीब 63 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई। सांसद ने कहा कि खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों का सबसे अधिक असर सीमित आय वाले परिवारों पर पड़ता है।
सांसद ने कहा कि महंगाई के कारण लोगों को भोजन, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी खर्चों के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो रहा है। दैनिक जरूरतों पर बढ़ता खर्च परिवारों की बचत करने की क्षमता को भी कम करता है। सरकार को ऐसी नीतियां अपनानी चाहिए, जिनसे आम नागरिक को वास्तविक राहत मिले।

