Pal Pal India

दिल्ली में इंडी गठबंधन ने दिखाई ताकत, पांच मांगे रखी

 
  दिल्ली में इंडी गठबंधन ने दिखाई ताकत, पांच मांगे रखी
 नई दिल्ली, 31 मार्च  दिल्ली के रामलीला मैदान में आज इंडियाा ब्लॉक की लोकतंत्र बचाओ महारैली हुई। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की ये पहली बड़ी रैली थी। रैली के माध्यम से विपक्ष ने लोकसभा चुनाव से पूर्व अपनी राजनीतिक ताकक दिखाने का प्रयास किया है। इसमें सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, सीताराम येचुरी, महबूबा मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला के अलावा अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना पहुंचीं। इसके अलावा गठबंधन के अन्य नेता भी इसमें शामिल हुए।
यह रैली 3 घंटे तक चली, जिसमें गठबंधन के 21 नेताओं ने जनसभा को  संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा- नरेंद्र मोदी जी इस चुनाव से पहले मैच फिक्सिंग की कोशिश कर रहे है। उन्होंने हमारी टीम से दो खिलाडिय़ों को अरेस्ट करके अंदर कर दिया। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने बीजेपी-आरएसएस की तुलना जहर से की है।
अंत में प्रियंका गांधी ने इंडिया गठबंधन की तरफ से 5 मांगें रखीं। जिसमें जांच एजेंसियों के दुरुपयोग पर रोक और गिरफ्तार विपक्षी नेताओं की रिहाई की मांग शामिल है। राहुल गांधी ने कहा- लोकसभा चुनाव आने वाले हैं और मैच शुरू होने से पहले हमारी टीम से दो खिलाडिय़ों को अरेस्ट करके अंदर कर दिया। नरेंद्र मोदी जी इस चुनाव से पहले मैच फिक्सिंग की कोशिश कर रहे हैं। उनका 400 का नारा, बिना मैच फिक्सिंग के, बिना सोशल मीडिया और मीडिया पर दबाव डाले 180 से ज्यादा नहीं हो पा रहा है।
राहुल ने आगे कहा- कांग्रेस देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है। लेकिन हमारे अकाउंट्स फ्रीज करा लिए गए हैं। हमें पोस्टर छपवाने हैं, कार्यकर्ताओं को राज्यों में भेजना है, लेकिन हमारे अकाउंट्स फ्रीज हैं। ये पूरी की पूरी मैच फिक्सिंग की कोशिश की जा रही है। मेरी बात गौर से सुन लीजिए। अगर भाजपा जीती और उन्होंने संविधान को बदला तो इस पूरे देश में आग लगने जा रही है, ये देश नहीं बचेगा। ये चुनाव वोट वाला चुनाव नहीं है, ये चुनाव हिंदुस्तान को बचाने वाला चुनाव है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा, यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है और हमें एकजुट होकर लडऩा होगा। इस चुनाव में कोई बराबरी का मौका नहीं है। पीएम मोदी ने जमीन खोद दी है और विपक्ष से वहां क्रिकेट खेलने के लिए कह रहे हैं।
पंजाब के सीएम भगवंत मान भी इस रैली में शामिल हुए। उन्होंने कहा, देश का लोकतंत्र खतरे में है। इनको (मोदी सरकार) लगता है कि डंडे से चला लेंगे। ये देश किसी के बाप की जागीर नहीं है, ये देश 140 करोड़ लोगों का है। ये आजादी हमें शहीदे आजम भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, मदन लाल ढींगरा, करतार सिंह सराभा, चंद्रशेखर आजाद जैसे हजारों नेताओं ने दिलाई है। ये क्या समझते हैं कि इसको भी अंदर कर दो, उसको भी अंदर कर दो। किसी के खाते फ्रीज कर दो, किसी पार्टी के नेता जेल में डाल दो। आज सुनीता केजरीवाल और कल्पना सोरेन भी यहां मौजूद हैं। मैं इन्हें नमन करता हूं कि इन्होंने क्या-क्या दुख नहीं झेले। तालियां किसी को ऐसे ही नहीं मिलतीं, दिहाड़ी देकर मोदी-मोदी करवाना बहुत आसान है। जो बात दिल से बोलता है, वो असर करती है।
सुनीता केजरीवाल ने संदेश पढ़ा
केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा- मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या उन्होंने ठीक किया? आपके केजरीवाल को ज्यादा दिन तक ये जेल में नहीं रख पाएंगे। आपके केजरीवाल शेर हैं। करोड़ों लोगों के मन में बसते हैं। सुनीता केजरीवाल ने अरविंद का जेल से भेजा गया मैसेज भी पढ़ा। उन्होंने केजरीवाल की 6 गारंटियां पढ़ीं। पहला- पूरे देश में 24 घंटे बिजली। दूसरा- पूरे देश के गरीबों की बिजली फ्री। तीसरी- हर गांव और हर मोहल्ले में शानदार सरकारी स्कूल। चौथा- हर गांव और मोहल्ले में मोहल्ला क्लीनिक, जिले में मल्टी स्पेशियलटी सरकारी अस्पताल। पांचवीं- किसानों को स्वामीनाथन आयोग के मुताबिक सही फसलों पर एमएसपी निर्धारित कर दाम दिलाएंगे। छठी- दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे।