मानसा में पुलिस हेड कांस्टेबल ने अपने ही परिवार पर चलाई गोलियां, बेटे की मौत के बाद खुद भी जान दी

मानसा, 20 अक्टूबर । पंजाब के मानसा में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। झूझार नगर में मानसा खुर्द रोड पर अपने निर्माणाधीन मकान में पंजाब पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर गोलियां चला दीं। इस घटना में उसके एक बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद हेड कांस्टेबल ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मानसा के डिप्टी कमिश्नर के गनमैन के तौर पर तैनात गुरविंदर सिंह अपने परिवार के साथ सोमवार शाम को नए मकान में रहने के लिए आया था। उसके परिवार में पत्नी हरप्रीत कौर और दो बेटे जोत सिंह एवं दिलशान सिंह थे। आज सुबह पुलिसकर्मी ने अपने सरकारी हथियार से अपने ही परिवार पर गोलियां चला दीं। इस घटना में बेटे जोत सिंह की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरे बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को उपचार के लिए बठिंडा के अस्पताल में रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। एसएसपी के अनुसार घटनास्थल से मृतक का सरकारी हथियार कब्जे में ले लिया गया है। फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

