जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने निजी स्वार्थ के लिए प्रदेश के व्यापारियों को नाजायज तंग किया तो उसके खिलाफ व्यापार मंडल सड़कों पर आंदोलन करेगा: बजरंग गर्ग

सिरसा 29 जुलाई हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने व्यापारियों की मीटिंग लेने के उपरांत निजी होटल में पत्रकार वार्ता में कहा कि जीएसटी विभाग के कुछ सरकारी अधिकारी अपने निजी स्वार्थ के लिए व्यापारियों को नाजायज तंग कर रहे हैं। हरियाणा में जगह-जगह चैकिंग का डर दिखा कर व्यापारियों से पैसे एेंठने का काम किया जा रहा है। जीएसटी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदेश के व्यापारियों में बड़ा भारी रोष है। केंद्र व प्रदेश सरकार को जीएसटी विभाग के जो भी भ्रष्ट अधिकारी है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। बजरंग गर्ग ने कहा कि व्यापारी व उद्योगपति हर राज्य की रीढ़ की हड्डी होती है, अगर व्यापारी व उद्योगपति भय के वातावरण में काम करेगा तो निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में गलत प्रभाव पड़ेगा। सरकार को भ्रष्ट अधिकारियों पर निकेल डालनी चाहिए, ताकि ईमानदार व्यापारी बिना डर के व्यापार कर सकें जबकि व्यापार मंडल टैक्स चोरी, फर्जी बिलिंग करने वालों के खिलाफ है मगर ईमानदार व्यापारी व उद्योगपतियों को नाजायज तंग करना सरासर गलत है। बजरंग गर्ग ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार बनाने में व्यापारी व उद्योगपतियों का बहुत बड़ा योगदान है। केंद्र व प्रदेश सरकार में लगातार कुछ भ्रष्ट अधिकारी व्यापारियों का शोषण करने से व्यापारियों में भारी नाराजगी है जिसे किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा अगर जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने निजी स्वार्थ के लिए प्रदेश के व्यापारियों को नाजायज तंग किया तो उसके खिलाफ व्यापार मंडल सड़कों पर आंदोलन करेगा। बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा में लगातार अपराध बढ़ रहा है। अपराधी खुले आम व्यापारी व उद्योगपतियों से फिरौती, मंथली, लूटपाट व हत्याओं की वारदातें कर रहे हैं। जिसके कारण प्रदेश का व्यापारी अपनी जान माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से भयभीत है। सरकार को अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए कठोर से कठोर कदम उठाने की जरूरत है। इस अवसर पर व्यापार मंडल प्रदेश महासचिव व जिला प्रधान हीरालाल शर्मा, प्रदेश उप प्रधान आनंद बियानी, उप प्रधान अंजनी कनोडिया, शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग, वैश्य समाज जिला प्रधान अनिल सर्राफ, सुरेश गोयल, विमल स्वामी,अरुण जैन, भीम सिंगला, पवन गुप्ता, अजय भारद्वाज, सुभाष मिड्ढा, यश ग्रोवर, अनिल बंसल, विनय गोयल, मनोज बंसल, सुशांत गांधी, प्रवीन शेट्टी, राजेश कुमार, अंकुर लोहिया, राजीव बंसल, राज सेठी, श्याम जैन आदि व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

