जींद में सड़क हादसे में घायल हुए हिसार सांसद जयप्रकाश, एयरबैग ने बचाई जान

जींद, 26 जून जींद-संगरूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उचाना और बरौदा के बीच शुक्रवार को गोवंशी पशु के अचानक सामने आने से हिसार के कांग्रेस सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सांसद और उनके चालक को मामूली चोटें आईं।
हिसार के कांग्रेस सांसद जयप्रकाश शुक्रवार को नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के गांव भैणी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जींद जिले के उचाना और नरवाना के लिए निकले थे। उनकी गाड़ी जब जींद-संगरूर नेशनल हाईवे पर उचाना और बरौदा के बीच पहुंची तो नेशनल हाईवे की दूसरी साइड से गोवंशी पशु आ गया और उनकी गाड़ी से टकरा गया। पशु के अचानक से गाड़ी से टकराने पर गाड़ी में सवार सांसद जयप्रकाश और उनके चालक को चोटें आई।
गाड़ी के एयर बैग खुल जाने के कारण सांसद जयप्रकाश और उनकी गाड़ी में सवार सुरक्षा कर्मी तथा चालक की जान बच गई। सांसद जयप्रकाश को सड़क हादसे के तुरंत बाद उचाना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें उपचार दिया। घटना का जैसे ही समर्थकों व कार्यकर्ताओं को पता चला तो उनसे मिलने के लिए उनके समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। सांसद जयप्रकाश ने कहा कि सड़क हादसा नेशनल हाईवे के दूसरी साइड से अचानक एक गोवंशी पशु के उनकी गाड़ी पर आकर गिरने से हुआ।

