25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में आयोजित विशाल शरद पूर्णिमा मेला में शामिल होंगे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता: सिंगला

डबवाली
विश्व विख्यात अग्रोहा धाम (हिसार) में शरद पूर्णिमा के अवसर पर अग्रोहा विकास ट्रस्ट द्वारा 25 अक्टूबर को विशाल शरद पूर्णिमा मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेला में देश विदेश से हजारों अग्र बंधु शामिल होकर महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। अग्रोहा विकास ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग दस गर्ग के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस मेला में हिमाचल प्रदेश के महामहिम कविंद्र गुप्ता, विश्व विख्यात उद्योगपति, हिसार की विधायक सावित्री जिंदल, पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र गोयल, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री एवं अग्रवाल सभा पंजाब के अध्यक्ष सरूप चंद सिंगला, राज्य सभा के पूर्व सांसद सुभाष गोयल सहित बड़ी संख्या में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संत महात्मा शामिल होंगे।
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने बताया कि मेला के शुभारंभ पर 25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम के ऐतिहासिक शक्ति सरोवर में प्रात: 6 बजे स्नान, मंदिरों में आरती-पूजा प्रात: 7 बजे, भव्य कलश यात्रा प्रात: 8 बजे, भोजन प्रसाद प्रात: 9 बजे, कुलदेवी महालक्ष्मी का छप्पन भोग प्रात: 10 बजे, ध्वजारोहण 10:30 बजे एवंं दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक महाअधिवेशन होगा जिसमें अतिथिगणों का उद्बोधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। उन्होंने बताया कि पंजाब प्रदेश से बड़ी संख्या में अग्रवाल/वैश्य समाज के बंधुओं को आमंत्रित करने के लिए राज्य पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों एवं जिला अध्यक्षों को यह दायित्व सौंपा गया है। शांत गुप्ता (दोआबा), हीरामणि अग्रवाल (माझा), संस्था के चेयरमैन डा. संजीव गोयल फरीदकोट, महामंत्री हरकेश मित्तल लुधियाना, एडवोकेट संजीव गुप्ता मुक्तसर, मालवा के जिलों में अपने सहयोगी साथियों के साथ मेले का प्रचार प्रसार कर रहे हैं।

