ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर हरियाणा कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

चंडीगढ़ 25 सितंबर
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनकी गिरफ्तारी तथा उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए चुनाव संबंधी फैसलों और मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संयुक्त रूप प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त विशेष रूप से मौजूद रहे।
प्रदर्शन में ,पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह,सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, अशोक तंवर, बृजेंद्र सिंह सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए प्रशासन की ओर से पानी की बौछार की गई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। कांग्रेस ने मांग की कि चुनाव आयोग के भीतर दर्ज की गई आपत्तियों तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने से संबंधित निर्णयों को सार्वजनिक किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र समीक्षा कराई जाए। चुनाव आयोग के भीतर दो चुनाव आयुक्तों द्वारा कई मौकों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने की रिपोर्ट भी हाल में सामने आई है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा—चुनावी फैसलों की हो स्वतंत्र समीक्षा
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता के अधिकार सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल के दौरान लिए गए चुनाव संबंधी सभी महत्वपूर्ण फैसलों, मतदाता सूचियों में हुए बदलावों और SIR प्रक्रिया की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष समीक्षा की जानी चाहिए।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। यदि चुनाव प्रक्रिया को लेकर किसी भी स्तर पर सवाल उठते हैं तो उनका पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए।
संजय दत्त ने कहा—जनता के वोट के अधिकार से कोई समझौता नहीं
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। मतदाता सूची से जुड़े किसी भी निर्णय में पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।
भूपेंद्र हुड्डा ने उठाए चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान पारदर्शी तरीके से होना चाहिए और मतदाताओं के अधिकारों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बीरेंद्र सिंह ने कहा—संवैधानिक संस्थाओं में विश्वास कायम रहना चाहिए
पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठने वाले प्रत्येक सवाल का तथ्यों के आधार पर समाधान होना चाहिए ताकि जनता का विश्वास कायम रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग पर उचित कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी अपना आंदोलन और तेज करेगी।
अशोक तंवर ने कहा—मतदाता के अधिकार सुरक्षित रहें
अशोक तंवर ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार का संरक्षण जरूरी है। मतदाता सूचियों में किसी भी तरह के बदलाव की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित प्रक्रिया के नहीं हटना चाहिए।
बृजेंद्र सिंह ने कहा—जवाबदेही तय हो
बृजेंद्र सिंह ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों पर जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर सामने आ रही आपत्तियों और शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा पूरी प्रक्रिया को सार्वजनिक जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा—युवाओं और नए मतदाताओं के अधिकार महत्वपूर्ण
सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया विशेष रूप से नए और युवा मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है।
इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान,राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, सांसद जयप्रकाश, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, सांसद वरुण मुलाना,विधायक आदित्य सुरजेवाला, विधायक आफताब अहमद , विधायक बलवान दौलतपुरिया, विधायिका पूजा मुलाना, विधायक राजवीर, विधायक विकास, विधायक बलराम डांगी, विधायक नरेश सेलवाल, विधायक निर्मल सिंह, प्रोफेसर वरिंदर सिंह, करण दलाल, पर्ल चौधरी, संजीव भारद्वाज ,सुधा भारद्वाज,कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष,सभी फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन पदाधिकारीगण एवं हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

