Pal Pal India

माता सीता की आज्ञा पाकर हनुमान ने उजड़ी अशोक वाटिका

 
  माता सीता की आज्ञा पाकर हनुमान ने उजड़ी अशोक वाटिका

सिरसा , 19 अक्टूबर। श्री रामा क्लब चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित 77वें रामलीला एवं दशहरा महोत्सव की कड़ी में बीती रात अनेक भावपूर्ण दृश्य का मंचन किया गया, जिन्हें देखकर श्रद्धालु भक्ति से सराबोर हो गए। रामलीला में राम और माता शबरी का मिलन और राम के द्वारा उनके जूठे बेरों को श्रद्धा पूर्वक खाना, राम और हनुमान जी का मिलन, सुग्रीव बाली युद्ध और बाली का मारा जाना, माता सीता की खोज में राम भक्त हनुमान का लंका में पहुंचना और अशोक वाटिका उजाड़ना, मेघनाथ द्वारा हनुमान जी को ब्रह्मपश में बांधकर रावण के दरबार में लेकर जाना इत्यादि दृश्य मंचित किए गए। हनुमान जी के द्वारा अशोक वाटिका उजाड़े जाने के दौरान हनुमान जी द्वारा श्रद्धालुओं में फल फेंके गए जो श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किए। 

इन दृश्यों में

पात्र मानसी ने शबरी, हनुमान अंकुश , सुग्रीव लक्की, बाली शिवम , मेघनाद संजय सोनी, रावण अमित मिढ़ा, तारा संजना,

मंत्री निखिल , मुनीश कालड़ा , रेहान , समर्थ वश गुलशन मेहता इत्यादि ने बखूबी अभिनय किया।

भगवान राम जन जन के आराध्य: जगदीश चोपड़ा 

रामलीला मंचन के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा, वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र भाटिया, सुरेश गौतम, हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित पवन शर्मा सहित अनेक गणमान्य जन पहुंचे। भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान राम जन जन के आराध्य हैं और श्री रामा क्लब चैरिटेबल ट्रस्ट पिछले 76 सालों से भगवान राम की आदर्श जीवन चरित्र को जन-जन तक पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें रामायण के प्रत्येक पात्र से शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए की आदर्श राजा कैसा हो , आदर्श भाई कैसा हो ,आदर्श पुत्र कैसा हो ,आदर्श पत्नी कैसी हो। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र भाटिया ने श्री रामा क्लब चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी को भव्य आयोजन की शुभकामनाएं दी। क्लब के प्रधान अश्विनी बठला, महासचिव गुलशन वधवा, ज्ञानचंद मेहता , संतोष तनेजा, नरेश कुमार , नरेश बब्बर , अनिल बांगा , राकेश मदान, विशंभर चुघ व अन्यों ने आए हुए अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। 

मंगलवार शाम को 5.50 पर हुडा बाइपास रोड पर होगा रावण दहन 

श्री रामा क्लब चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित होने वाले 77वें दशहरा महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया होंगे जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार संजय अरोड़ा करेंगे कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्री रामा क्लब चैरिटेबल ट्रस्ट के संरक्षक श्याम बजाज होंगे। इस अवसर पर अनेक सुंदर-सुंदर झांकियां प्रस्तुत की जाएगी। 

यह जानकारी देते हुए क्लब के प्रधान अश्वनी बठला व महासचिव गुलशन बधवा ने बताया कि 20 अक्टूबर को प्रातः 11 जनता भवन रोड स्थित रामलीला ग्राउंड से भव्य शोभायात्रा रवाना होगी जो की अनाज मंडी से होती हुई शिव चौक, जगदेव सिंह चौक, सागवान चौक, लाल बत्ती चौक, बाल भवन, बरनाला रोड , चौटाला बाईपास से होते हुए हुडा बाइपास रोड सावन स्कूल के सामने बनाए गए दशहरा ग्राउंड में संपन्न होगी। जहां रावण व कुंभकरण के विशालकाय पुतले बनाए गए हैं जिन्हें विधिवत पूजा के साथ शाम पांच बजकर 50 मिनट पर अग्नि भेंट किया जाएगा।