Pal Pal India

गुरुग्राम: घरों व संस्थानों से निकलने वाले कचरे को अलग रखना नागरिकों की जिम्मेदारी: नायब सिंह सैनी

 
 गुरुग्राम: घरों व संस्थानों से निकलने वाले कचरे को अलग रखना नागरिकों की जिम्मेदारी: नायब सिंह सैनी

 गुरुग्राम, 02 अक्टूबर  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वच्छता को केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए नागरिकों की भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार व्यवस्था और सुविधाएं उपलब्ध करा सकती है। आधुनिक तकनीक एवं संसाधनों का उपयोग कर सकती है, लेकिन घरों और संस्थानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
यह बात उन्होंने शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर कही। वे यहां महरौली रोड स्थित गार्बेज वर्नेबल पॉइंट्स (जीवीपी) मुक्त स्थल का किया निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों से भी बात की। साथ ही स्वच्छता पर नुक्कड़ नाटक भी देखा। स्वच्छता की इस दौरान शपथ दिलाई गई। मुख्यमंत्री ने नगर निगम गुरुग्राम द्वारा विकसित किए गए जीवीपी मुक्त स्थल का निरीक्षण कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने सरकारी व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और जनता की भागीदारी को स्वच्छता अभियान के तीन महत्वपूर्ण पक्षों के रूप में रेखांकित किया और कहा कि इसका उद्देश्य स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से एक व्यापक नागरिक अभियान का रूप देना है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि खुले में कचरा न फेंकें, घर पर कचरे को अलग-अलग रखें और केवल अधिकृत कचरा-वाहन को ही कचरा दें।
जीवीपी मुक्त अभियान का उद्देश्य केवल एक बार सफाई करना नहीं, बल्कि चिन्हित स्थानों पर दोबारा कचरा जमा न हो, इसके लिए नागरिकों में जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देना भी है। नगर निगम द्वारा शुरू किए गए अभियान के अनुसार जीवीपी मुक्त अभियान दो से 11 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान का संदेश 10 दिन-21 कचरा बिंदु-एक गुरुग्राम है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से भी अभियान से जुडऩे तथा अपने क्षेत्र के जीवीपी को स्वच्छ बनाए रखने में श्रमदान और सहयोग करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
अभियान कार्यक्रम के अनुसार दो अक्टूबर को डीएचबीवीएन कॉलोनी के पास तथा सरहोल में अभियान की शुरुआत की गई। इसके बाद तीन अक्टूबर को टिकरी तथा सेक्टर 18, चार अक्टूबर को अरबाना मॉल एवं सुभाष चौक, पांच अक्टूबर को पेस सिटी-1 एवं गौशाला मैदान, जबकि छह अक्टूबर को पेस सिटी तथा सिंघा चौक में विशेष सफाई गतिविधियां प्रस्तावित हैं। इसी प्रकार सात से 11 अक्टूबर तक कृष्णा कॉलोनी, मेगापोलिस मॉल के पास, इंडियन गैस के पास, घाटा, बंजारा मार्केट, सेक्टर 37, मोहम्मद हेड़ी रोड, दौलताबाद रोड, सेक्टर 39 तथा उल्लावास सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर अभियान चलाया जाएगा।