जीएसटी राजस्व संग्रह सितंबर में 14.7 प्रतिशत बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये के पार

नई दिल्ली, 01 अक्टूबर अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर अच्छी खबर है। देश का वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) राजस्व संग्रह सितंबर में 14.7 फीसदी बढ़कर 2.03 लाख करोड़ रुपये रहा, जो सितंबर 2025 में 1.77 लाख करोड़ रुपये रहा था।
जीएसटी महानिदेशालय ने गुरुवार को जारी आंकड़ों में बताया कि घरेलू गतिविधियों से सकल जीएसटी राजस्व संग्रह भी 10.1 फीसदी बढ़कर लगभग 1.38 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि आयात से प्राप्त राजस्व 26 फीसदी बढ़कर 65,525 करोड़ रुपये हो गया।
आंकड़ों के अनुसार सकल जीएसटी राजस्व संग्रह सितंबर में 2,03,521 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी महीने में 1,77,365 करोड़ रुपये था। सितंबर में हालांकि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) ‘रिफंड’ तीन फीसदी घटकर 27,001 करोड़ रुपये रहा। ‘रिफंड’ समायोजित करने के बाद सितंबर में शुद्ध जीएसटी राजस्व संग्रह 18.1 फीसदी बढ़कर 1.76 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 1.49 लाख करोड़ रुपये रहा था।
जीएसटी महानिदेशालय के मुताबिक चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में सकल जीएसटी राजस्व संग्रह 11.6 फीसदी बढ़कर 12.46 लाख करोड़ रुपये रहा। इसी तरह शुद्ध जीएसटी राजस्व संग्रह भी 10.4 फीसदी बढ़कर 10.66 लाख करोड़ रुपये रहा।

