ग्रेटर नोएडा बस हादसा: छह मृतकों की हुई पहचान, तीन की शिनाख्त बाकी

नोएडा, 24 सितंबर ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस में आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई। गुरुवार शाम तक पुलिस छह मृतकों की पहचान कर सकी है, जबकि तीन की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पहचान किए गए मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कुमारी श्रुति रावत (31) पुत्री बालमुकुंद निवासी छतरपुर, मध्यप्रदेश, उषा देवी (65) पत्नी प्रेम नारायण गुप्ता निवासी मुस्करा, हमीरपुर, उत्तर प्रदेश, हर शरण गुप्ता (55) पुत्र अवध बिहारी गुप्ता निवासी जालौन, उत्तर प्रदेश, देवेंद्र भारद्वाज (60) पुत्र प्रेमपाल निवासी हिसार, हरियाणा, सरोज गुप्ता (52) पत्नी अनंत राम गुप्ता निवासी हमीरपुर उत्तरप्रदेश, मयंक गुप्ता (28) पुत्र सुरेश गुप्ता निवासी हमीरपुर, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आग में कुछ शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। अन्य मृतकों की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस में आग लगने से हुई नौ लोगों की मौत के मामले में बस में सवार हमीरपुर के राठ निवासी सुनील कुमार ने थाना जेवर में बस चालक और परिचालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करवाया है।
पुलिस उपायुक्त रवि शंकर निम ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125 बी, 105,351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से 35 सवारियों को भरकर बुधवार की मध्य रात्रि को यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते महोबा जनपद के लिए रवाना हुई थी। यमुना एक्सप्रेसवे पर 33 किलोमीटर तक पहुंचते-पहुंचते चलती बस में अचानक आग लग गई। दमकल विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। करीब 26 लोगों को बाहर निकाला गया, जबकि नौ लोगों की जलने से मौत हो गई है। कुछ लोग बस में भरे धुएं की वजह से बेहोश हो गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनकी हालत अब ठीक है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि बस मध्य प्रदेश से संचालित होने वाली राज कल्पना ट्रेवल्स की है। यह बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा के लिए जा रही थी। इस बस का पंजीकरण बिहार प्रांत में हुआ है। उन्होंने बताया कि बस का फिटनेस प्रमाण पत्र राजस्थान से, जबकि प्रदूषण प्रमाण पत्र हरियाणा से जारी हुआ है। उन्होंने बताया कि इस बस का नोएडा में कोई स्टॉपेज नहीं था। उन्होंने बताया कि आग बस में लगे एयर कंडीशन में हुए स्पार्क के चलते लगी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख और घायलों को एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

