महंगे पेट्रोल-डीजल के खिलाफ 2 जून को इनेलो का विशाल प्रदर्शन जनता पर बोझ डालना बंद करे सरकार : जसबीर सिंह जस्सा
Updated: May 27, 2026, 14:32 IST

सिरसा, 27 मई। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) द्वारा पेट्रोलियम पदार्थों — पेट्रोल, डीजल, सीएनजी व एलपीजी — की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में 2 जून को सिरसा में सुबह 10 बजे विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में हजारों की संख्या में इनेलो कार्यकर्ता भाग लेंगे तथा उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल/सरकार को ज्ञापन भेजकर आम जनता को तुरंत राहत देने की मांग की जाएगी। यह जानकारी देते हुए इनेलो के जिला अध्यक्ष जसबीर सिंह जस्सा ने बताया कि इस प्रदर्शन का नेतृत्व रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज आम जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। पेट्रोल, डीजल, गैस और सीएनजी के लगातार बढ़ते दामों ने किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों तथा कर्मचारियों की कमर तोड़ दी है। जसबीर सिंह जस्सा ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब भी सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय पेट्रोल-डीजल और एलपीजी गैस को महंगे दामों पर बेचकर निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने का काम किया। अब जबकि आर्थिक संकट और महंगाई चरम पर है, तब भी सरकार एक्साइज ड्यूटी और वैट कम करके जनता को राहत देने की बजाय बार-बार कीमतें बढ़ाकर लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे किसान वर्ग बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं दूसरी ओर महंगी गैस और परिवहन खर्च ने मजदूर वर्ग और मध्यम वर्ग का जीवन कठिन बना दिया है। छोटे दुकानदारों, रेहड़ी चालकों और निजी कर्मचारियों को भी भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इनेलो जिला अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से 2 जून को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की

