Pal Pal India

सफाई कर्मियों की जायज मांगों को पूरा करे सरकार: जसवीर सिंह जस्सा

 
 सफाई कर्मियों की जायज मांगों को पूरा करे सरकार: जसवीर सिंह जस्सा
 सिरसा 07 मई इंडियन नेशनल लोकदल के जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि प्रदेशभर में सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों के प्रति सरकार की उदासीनता पूरे हरियाणा पर भारी पड़ रही है। सिरसा जिले में कूड़ा कर्कट की भयावह होती स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पूरा शहर कूड़ाघर में तबदील हो गया है और कमोबेश यही स्थिति पूरे हरियाणा में भी है। उन्होंने कहा कि पूरे सिरसा जिले में सफाई व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति के चलते आमजन में बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। इनेलो जिलाध्यक्ष जस्सा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को शासन की ओर से पूरी गंभीरता से लिया जाना चाहिए और संवाद की स्थिति से इस समस्या को अविलंब हल किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह पूरे प्रदेशभर में फैली इस विकट समस्या का तुरंत समाधान करे ताकि आमजन को गंदगी भरी जिंदगी से राहत मिले।