Pal Pal India

न्यू दिल्ली से पत्रकार ऊषा माहना की कलम से

 
 न्यू दिल्ली से पत्रकार ऊषा माहना की कलम से
 जन जागरण मंच की मांग: दिल्ली के सभी स्कूल-कॉलेजों में ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ अनिवार्य हो

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को सौंपा गया ज्ञापन

राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 की भावना के अनुरूप दिल्ली के समस्त शैक्षणिक संस्थानों में 14 फरवरी को ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ अनिवार्य रूप से मनाए जाने की मांग को लेकर जन जागरण मंच की ओर से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।
जन जागरण मंच ने ज्ञापन में कहा कि दिल्ली जैसे महानगर में, जहाँ शिक्षा, आधुनिकता और वैश्विक संपर्क का प्रभाव अत्यधिक है, वहाँ पारिवारिक मूल्यों, संस्कारों तथा माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना आज की सबसे बड़ी सामाजिक आवश्यकता बन गई है। संगठन के अनुसार वर्तमान समय में किशोर एवं युवा वर्ग पाश्चात्य संस्कृति के अंधानुकरण और ‘वेलेंटाइन डे’ जैसी आयातित अवधारणाओं के प्रभाव में अपनी सांस्कृतिक जड़ों से दूर होता जा रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इसके कारण युवाओं में मानसिक तनाव, अवसाद, नशाखोरी, पारिवारिक संवादहीनता और माता-पिता के प्रति उपेक्षा जैसी समस्याएँ निरंतर बढ़ रही हैं। जबकि भारतीय संस्कृति में माता-पिता को ईश्वरतुल्य माना गया है और संयुक्त परिवार परंपरा समाज की आधारशिला रही है।
जन जागरण मंच ने बताया कि बापूआशाराम जी की प्रेरणा से वर्ष 2007 से 14 फरवरी को ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ के रूप में मनाने का जन-आंदोलन देशभर में संचालित हो रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम विभिन्न राज्यों एवं शैक्षणिक संस्थानों में देखने को मिले हैं। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 में वर्णित भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक शिक्षा, मानवीय मूल्यों और चरित्र निर्माण के उद्देश्यों के अनुरूप है।
संगठन ने मांग की कि दिल्ली सरकार का शिक्षा विभाग एक आधिकारिक आदेश या एडवाइजरी जारी कर सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में 14 फरवरी को ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ मनाने के निर्देश जारी करे तथा इसे शैक्षणिक कैलेंडर में शामिल किया जाए।
ज्ञापन सौंपते समय जन जागरण मंच के प्रतिनिधि हरिशंकर कुमार एवं सीएम मेहता ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा