नई दिल्ली से पत्रकार ऊषा माहना की कलम से

दिल्ली :- समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय जन जागरण मंच ने गुरुग्राम के खांडसा गांव स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में राहत सामग्री वितरित कर मानवता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। संस्था के पदाधिकारियों ने गरीब व असहाय परिवारों के बीच जाकर उन्हें खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई, जिससे बस्ती में खुशी का माहौल देखने को मिला। जन जागरण मंच द्वारा दिल्ली-NCR के विभिन्न क्षेत्रों में गरीब परिवारों और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुँचाने का अभियान निरंतर जारी है। संस्था समय-समय पर खाद्य सामग्री, कपड़े, फल, कंबल आदि का वितरण कर समाज में सेवा और संवेदनशीलता को बढ़ावा देती रहती है।
इस बार संस्था की टीम खांडसा गांव की झुग्गी-झोपड़ी बस्ती पहुंची और लोगों को चावल, छोले और समोसे सहित राहत सामग्री प्रदान की। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने सामग्री पाकर संतोष और राहत महसूस किया। कार्यक्रम में मौजूद संस्था के सचिव नीरज देसवाल ने कहा“जन जागरण मंच द्वारा इस प्रकार के सेवा कार्य लगातार किए जाते हैं। हम मानते हैं कि गरीब भगवान का स्वरूप होते हैं, उनकी सहायता करना हमारा कर्तव्य और धर्म दोनों है।” सेवा वितरण कार्यक्रम में संस्था के उपाध्यक्ष रविंद्र मेहता, वरिष्ठ सदस्य गिरधारी मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर गरीब लोगों के बीच जाकर राहत सामग्री पहुँचाने का कार्य किया। जन जागरण मंच के सेवा कार्यक्रमों से प्रेरित होकर स्थानीय लोग भी संस्था से जुड़ने की इच्छा व्यक्त कर रहे हैं। संस्था का उद्देश्य केवल राहत पहुँचाना नहीं, बल्कि समाज में मानवता, जागरूकता और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करना है।

