करतारपुर कॉरिडोर से वीर बाल दिवस तक, सिख समाज के लिए मोदी सरकार ने किए अहम कार्य : नितिन नवीन

रुद्रपुर, 10 सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने सिख समाज के सम्मान और धार्मिक आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामलों में एसआईटी के गठन, करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने और साहिबजादों की स्मृति में वीर बाल दिवस घोषित किए जाने का उल्लेख किया।
नवीन ने कहा कि 1984 के दंगों के दोषियों को सजा दिलाने के लिए वर्ष 2015 में एसआईटी का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलना भी सिख समाज की लंबे समय से चली आ रही धार्मिक आकांक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम था। उन्होंने कहा कि 9 नवंबर 2019 को कॉरिडोर शुरू होने से श्रद्धालुओं के लिए करतारपुर साहिब की यात्रा सुगम हुई।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित कर गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों- बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिया। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए हिंदू और सिख समुदाय के लोगों को नागरिकता का रास्ता उपलब्ध कराया गया।
उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब की यात्रा को सुगम बनाने के लिए गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे परियोजना पर काम आगे बढ़ रहा है। नवीन ने पंजाब में नशे की समस्या को बड़ी चुनौती बताते हुए लोगों से 'विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा संकल्प अभियान' से जुड़ने का आह्वान किया।
नवीन ने कहा कि पंजाब और उत्तराखंड का विकास विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने तराई क्षेत्र के विकास में पंजाबी और सिख समाज के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभाजन के बाद यहां आकर बसे परिवारों ने मेहनत और उद्यमशीलता से ऊधम सिंह नगर को राज्य के प्रमुख कृषि और आर्थिक क्षेत्रों में शामिल कराने में योगदान दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मेलन में कहा कि पंजाबी समाज की संस्कृति, सेवा, साहस, उद्यमशीलता और राष्ट्रभक्ति देश की शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं का जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष, मानवता की सेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
धामी ने कहा कि गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक करीब 12.5 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण की दिशा में काम आगे बढ़ा है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं के लिए तीर्थयात्रा सुगम होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तराई क्षेत्र के विकास में पंजाबी समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने पंडित गोविंद बल्लभ पंत को भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद किया।
सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक प्रदीप बत्रा, शिव अरोड़ा, त्रिलोक चीमा समेत पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पंजाबी-सिख समाज के लोग मौजूद रहे।

