Pal Pal India

संटेक सिटी मामले में पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ईडी के सामने पेश हुए

 - मोहाली एसएसपी वरुण शर्मा भी 10 सितंबर को तलब किये गए
 
  संटेक सिटी मामले में पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ईडी के सामने पेश हुए

जालंधर, 09 सितंबर  मोहाली के संटेक सिटी प्रोजेक्ट में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा बुधवार को जालंधर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जोनल कार्यालय में पेश हुए। ईडी इस मामले की जांच मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से कर रही है।
अनुराग वर्मा करीब 11:08 बजे ईडी कार्यालय पहुंचे। उनके हाथ में दस्तावेज की एक फाइल थी। उन्हें इससे पहले 31 अगस्त को पेश होने के लिए समन जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने उस दिन पेशी के लिए समय बढ़ाने का अनुरोध किया था। इसके बाद उन्हें 7 सितंबर को पेश होने के लिए नए समन जारी किए गए, जिसे बाद में बुधवार के लिए पुनर्निर्धारित किया गया।
इसी मामले में आईएएस अधिकारी कंवल प्रीत बराड़ को भी ईडी ने दो बार समन जारी कर पूछताछ की थी। उन्हें 18 और 27 अगस्त को बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान संटेक सिटी हाउसिंग प्रोजेक्ट में चेंज ऑफ लैंड यूज (सीएलयू) और लेआउट में किए गए बदलावों को मंजूरी दिए जाने से संबंधित जानकारी ली गई थी। ईडी की जांच में अधिकारियों की भूमिका और प्रोजेक्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं की पड़ताल की जा रही है। संबंधित अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने किसी नियम का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी और न ही किसी बिल्डर को अनुचित लाभ पहुंचाया।
इसी मामले में ईडी ने मोहाली के एसएसपी वरुण शर्मा को भी 10 सितंबर को जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए समन जारी किया है। जांच एजेंसी के अधिकारियों के अनुसार जुलाई से अब तक एसएसपी को पांच बार ई-मेल भेजकर संटेक सिटी प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण से पहले किसानों के साथ कथित धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में जानकारी मांगी गई थी। नए आपराधिक मामले दर्ज किए जाने से संबंधित जानकारी नहीं मिलने के कारण एसएसपी को अब व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए बुलाया गया है। मामले में जांच एजेंसी विभिन्न अधिकारियों और अन्य संबंधित पक्षों से पूछताछ कर रही है।