नरवाना, रतिया और टोहाना के कांग्रेस अधिवेशनों में उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब

चंडीगढ़/नरवाना/रतिया/टोहाना, 21 सितंबर। कांग्रेस की ओर से नरवाना, रतिया और टोहाना में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सम्मेलनों में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही संविधान की रक्षा, मतदाता सूची की पारदर्शिता, किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते नशे जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
तीनों सम्मेलनों को संबोधित करते हुए सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं CWC सदस्य कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संदेश एवं कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के अधिकारों की लड़ाई और अधिक मजबूती के साथ लड़नी होगी।
कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा का किसान लगातार बढ़ती कृषि लागत और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने से परेशान है। प्रदेश के युवा शिक्षा और रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण निराश हैं। महिलाओं की सुरक्षा और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदेश में तेजी से बढ़ता नशा युवा पीढ़ी और हजारों परिवारों के भविष्य के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है।
उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन भाजपा सरकार इन दोनों मोर्चों पर विफल साबित हुई है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों की समस्याओं की आवाज बने।
कुमारी सैलजा ने मतदाता सूची की पारदर्शिता और एसआईआर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियाद है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार मतदाताओं के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता का सवाल उठा रहे हैं। संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन की असली मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के साथ सीधे जुड़ाव में है। प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस की आवाज को मजबूत करना और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना पार्टी का संकल्प है। ब्लॉक स्तरीय अधिवेशन संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं।
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आम लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनें और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएं। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए जिम्मेदारी से कार्य करे।
नरवाना में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस अधिवेशन में राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, जींद जिला कांग्रेस अध्यक्ष ऋषिपाल, हिसार ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र नैन, सेवादल अध्यक्ष पूनम चौहान, पूर्व मंत्री अत्तर सिंह सैनी, लीगल सेल के प्रदेश अध्यक्ष लाल बहादुर खोवाल, धर्मवीर गोयत, करण सिंह लितानी, लाजवंती ढिल्लों, मनोज नचार, ब्रजेंद्र सुरजेवाला, जगरूप सुरजेवाला, मंजीत सुरजेवाला, हरियाणा कृषक समाज के प्रदेशाध्यक्ष ईश्वर नैन, कैलाश सिंगला, सुशील कौशिक, भारत भूषण गर्ग, हवा सिंह नैन, आशुतोष शर्मा, संदीप लोट और जयदेव बंसल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रतिया सम्मेलन में फतेहाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुरसेवक सिंह, वरिष्ठ नेता जयपाल लाली, मंगत राम लालवास, सुरेंद्र वर्तिया, सुधीर गोदारा, ब्लॉक नागपुर कांग्रेस अध्यक्ष गुरजिंदर सिंह जोहल, जिला कांग्रेस सचिव गुरदीप सिंह चहल, महिला कांग्रेस प्रधान परमजीत कौर, पूर्व मंत्री अत्तर सिंह सैनी, लाल बहादुर खोवाल, कृष्णा पूनिया, वीरभान मेहता, सतबीर सिंह भूथन कलां, सुखदेव सिंह अहरवां, सुभाष बिश्नोई और अमरजीत सिंह बराड़ सहित अनेक नेता मौजूद रहे।
टोहाना में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस अधिवेशन में विधायक परमवीर सिंह, फतेहाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद शर्मा, कोऑर्डिनेटर दीपक लाम्बा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरबंस लाल, पूर्व विधायक निशान सिंह, पूर्व मंत्री अत्तर सिंह सैनी, लीगल सेल अध्यक्ष लाल बहादुर खोवाल, दिलशेर सिंह, पूर्व चेयरमैन काशीराम, राजकुमार शर्मा, कृष्णा पूनिया और सीताराम बेनीवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

