महंगे ऋण से व्यापार, उद्योग और रोजगार पर बढ़ रहा बोझ : कुमारी सैलजा

चंडीगढ़, 8 अक्टूबर।
सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य कुमारी सैलजा ने ऋण की ब्याज दरों में बढ़ोतरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि महंगे कर्ज का सीधा असर व्यापारियों, छोटे उद्यमियों, मध्यम वर्ग और रोजगार के अवसरों पर पड़ता है। रेपो दर में वृद्धि से कर्जदारों की ईएमआई बढ़ने की स्थिति चिंताजनक है। सरकार को यह समझना चाहिए कि व्यापार और उद्योग को प्रोत्साहन दिए बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता।
कुमारी सैलजा ने कहा कि अनेक विकसित देशों में कई श्रेणियों के व्यावसायिक ऋण भारत की तुलना में कम ब्याज दरों पर उपलब्ध हैं। लेकिन भारत को भी छोटे एवं मध्यम उद्योगों के लिए सस्ती और सुलभ ऋण व्यवस्था विकसित करनी चाहिए। कांग्रेस की नीति हमेशा रोजगार सृजन, लघु उद्योगों के संरक्षण और आर्थिक अवसरों के विस्तार की रही है।
सांसद ने कहा कि उदाहरण के तौर पर 50 लाख रुपये के गृह ऋण पर ब्याज दर में मात्र 0.25 प्रतिशत अंक की वृद्धि से 25 वर्ष की अवधि में लगभग 2.45 लाख रुपये का अतिरिक्त ब्याज देना पड़ सकता है। इसी प्रकार महंगा व्यावसायिक ऋण उत्पादन लागत बढ़ाता है और नए रोजगार सृजित करने की क्षमता को प्रभावित करता है। महंगाई नियंत्रण आवश्यक है, लेकिन इसके साथ आर्थिक विकास और आम नागरिक की वित्तीय सुरक्षा का संतुलन भी जरूरी है।
कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि जब विकसित देशों में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराया जा सकता है, तो भारत में छोटे व्यापारियों, स्वरोजगार करने वाले युवाओं और एमएसएमई क्षेत्र को अधिक राहत क्यों नहीं दी जा सकती? उन्होंने मांग की कि सरकार और रिजर्व बैंक महंगाई, ब्याज दरों, रोजगार तथा व्यापार पर पड़ने वाले प्रभावों की समग्र समीक्षा करें और छोटे उद्यमियों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।
बॉक्स
गंगा मैया से देश को भ्रष्टाचार और संविधान विरोधी ताकतों से मुक्ति दिलाने की प्रार्थना की : कुमारी सैलजा
चंडीगढ़/हरिद्वार।
सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। सांसद ने कहा हमने गंगा मैया में डुबकी लगाकर प्रार्थना की है कि देश को इस भ्रष्ट सरकार और इस भ्रष्ट चीफ इलेक्शन कमिश्नर से मुक्ति मिले।
कुमारी सैलजा ने कहा कि आज का संघर्ष केवल कांग्रेस पार्टी का नहीं, बल्कि देश के संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बचाने का संघर्ष है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने भाजपा के एजेंट की तरह कार्य किया है। उनका दावा था कि दो अन्य चुनाव आयुक्तों ने भी इस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
सांसद ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एस आई आर) के मामले में अन्य चुनाव आयुक्तों की सहमति नहीं थी और यह प्रक्रिया तानाशाही तरीके से तथा नियमों के विरुद्ध अपनाई गई। उन्होंने कहा कि मामला सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए कांग्रेस न्यायालय के फैसले का इंतजार करेगी। कुमारी सैलजा ने कहा कि संविधान की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

