Pal Pal India

भाजपा शासन की कुनीतियों से हर वर्ग त्रस्त: अभय सिंह चौटाला

 कहा, नशे, अपराध की बढ़ौतरी से हरियाणा की छवि हुई देशभर में धूमिल
 
 भाजपा शासन की कुनीतियों से हर वर्ग त्रस्त: अभय सिंह चौटाला
 पदाधिकारियों से किया चौधरी देवीलाल जयंती को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

 सिरसा10 अगस्त इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा शासन में निरंतर अपराध, नशे की बढ़ौतरी हुई है जिससे हरियाणा की छवि पूरे देश में धूमिल हुई है। भाजपा शासन की कुनीतियों से आज हर वर्ग त्रस्त है और इससे छुटकारा चाहता है। वे सोमवार को डबवाली रोड स्थित महाराजा पैलेस में सिरसा व कालांवाली हलके के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों से उनकी आय दुगुनी करने व स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने का भरोसा दिया था मगर सत्तासीन होने के बाद से भाजपा इसे भूल गई है। इतिहास में यह पहली बार है जब किसानों को अंगूठे लगाकर अपनी फसल बेचने पर मजबूर होना पड़ा है। इनेलो ने आंदोलन कर सरकार की इस गलत नीति पर अंकुश लगाया था। इतना ही नहीं इससे पूर्व भी सरकार ने बुजुर्गों की पेंशन को रोकने का प्रयास किया तब भी इनेलो ने आंदोलन की चेतावनी देकर बुजुर्गों की पेंशन बहाल करवाई। उन्होंने कहा कि भाजपा अंबानी अडाणी जैसे उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाकर अनाजमंडियों को बंद करना चाहती है। इनेलो रके ाष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने इस मौके पर दोनों हलकों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आगामी 27 सितंबर 
को नूंह में चौधरी देवीलाल जयंती में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया व अन्य लोगों को भी इस कार्यक्रम के लिए न्यौता दें। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में भाजपा को तीसरी मर्तबा सत्ता में बने रहने का अवसर कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिया है क्योंकि राज्यसभा के लिए हुई वोटिंग में 14 कांग्रेस नेताओं ने उनके कहने पर भाजपा को वोट दिया। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए इनेलो नेता ने कहा कि भाजपा शासन में 2 दर्जन घोटाले हुए मगर किसी को भी इसमें कोई सजा नहीं दी गई। इस दौरान इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने भी अपने संबोधन में पार्टी कार्यकर्ताओं को चौधरी देवीलाल जयंती को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
बॉक्स
नशे के खिलाफ ऐलान करेगी इनेलो
बाद में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने मीडिया से रूबरू होकर कहा कि 27 सितंबर को नूंह में होने वाली चौधरी देवीलाल जयंती कार्यक्रम में इनेलो प्रदेशभर से नशे को समाप्त करने के लिए बड़ा ऐलान करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा आज केंद्र व प्रदेश का खजाना पूरी तरह से लूट रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं का जंतर मंतर पर धरने प्रदर्शन ने हकों की लड़ाई के लिए एक नई दिशा दी है। इस अवसर पर इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, युवा इनेलो जिलाध्यक्ष भगवान कोटली, कालांवाली हलकाध्यक्ष जसविंद्र बिंदु, गुरविंद्र सिंह गिल, गुरतेज सिंह, महंत बलदेवदास, जिला प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा, विशाल भाट, विनोद दड़बी, कश्मीर सिंह करीवाला, मनोज सोनी व कृष्ण मेहता आदि पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।