Pal Pal India

प्रत्येक भारतीय नागरिक अपने निवास/प्रतिष्ठान, गाड़ी में एवं जेब पर तिरंगा लगाएं: सिंगला

 
  प्रत्येक भारतीय नागरिक अपने निवास/प्रतिष्ठान, गाड़ी में एवं जेब पर तिरंगा लगाएं: सिंगला

 डबवाली 12 अगस्त
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन पंजाब प्रदेश द्वारा सभी भारतीयों से आग्रह किया गया है कि वह प्रतिदिन अपने निवास/प्रतिष्ठान, गाड़ी में एवं जेब पर तिरंगा लगाएं, क्योंकि यह राष्ट्रीय तिरंगा हमारे लिए गौरव का प्रतीक है। संस्था के अध्यक्ष सुरेंद सिंगला ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात भी प्रत्येक भारतीय नागरिक को व्यक्तिगत तिरंगा फहराने का अधिकार प्राप्त नहीं हुआ था। 
उन्होंने बताया कि प्रत्येक भारतीय नागरिक को अपने निवास/प्रतिष्ठान पर व्यक्तिगत तिरंगा फहराने का अधिकार दिलवाने के लिए विश्व विख्यात उद्योगपति एवं राष्ट्र भक्त नवीन जिंदल द्वारा इसके लिए प्रयास शुरु किए गए। उन्होंने वर्ष 1992 से लेकर जनवरी 2004 तक न्यायालय में कानूनी लड़ाई लड़ी जिस पर उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति वीएन खरे, न्यायमूर्ति एसवी सिन्हा एवं न्यायमूर्ति ब्रजेश कुमार की संयुक्त न्यायिक खंडपीठ द्वारा 23 जनवरी 2004 को दिए गए फैसले के पश्चात अब प्रत्येक भारतीय नागरिक नियमानुसार अपने निवास/प्रतिष्ठान पर व्यक्तिगत प्रतिदिन सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय तिरंगा फहरा सकता है। कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल द्वारा तिरंगे के प्रयोग व प्रदर्शन को बढ़ावा देने के लिए शुरु किए गए अभियान में उनकी धर्मपत्नी शालू जिंदल भी शामिल हो गई। उन द्वारा सर्वप्रथम दिल्ली में तिरंगा अधिकार एवं उतरदायित्व विषय पर एक प्रदर्शनी आयोजित की गई। यह प्रदर्शनी भारत के कई महानगरों में यात्रा कर चुकी है। उन द्वारा तिरंगा के प्रचार प्रसार के लिए फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया का गठन किया गया। इस फाउंडेशन द्वारा कई महानगरों में 108 फीट ऊंचाई वाले तिरंगे स्थापित करवाए जा चुके हैं। फाउंडेशन द्वारा तिरंगे की गौरव गाथा पुस्तक का प्रकाशन करने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के तिरंगे भी वितरित किए जा रहे हैं। इन तिरंगों में हाथ में पहनने वाले बैंड, जेब पर लगाने वाले बैज, गाडी एवं ऑफिस में लगाने वाले तिरंगे ही नहीं बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर फहराए जाने वाले तिरंगे शामिल हैं। सिंगला ने कहा कि प्रत्येक भारतीय नागरिक को चाहिए कि वह हर घर तिरंगा-हर दिन तिरंगा अभियान में शामिल होकर इस राष्ट्रीय महाअभियान को सफल बनाएं