कर्मचारी नेता एवं समाजसेवी विमल भाटिया का जन्मदिन सिरसा क्लब में मनाया

सिरसा, 16 नवंबर।* प्रख्यात कर्मचारी नेता, समाजसेवी एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी विमल भाटिया का जन्मदिन अंतरंग मित्र परिवार द्वारा उत्साह एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मित्रों ने केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं तथा विमल भाटिया को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। सभी ने मिष्ठान खिलाकर उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
समारोह में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जगदीश चोपड़ा, दैनिक पल-पल के संपादक सुरेंद्र भाटिया, वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रगतिशील किसान जी.एस. मान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद बियानी तथा प्रख्यात लेखक एवं समाजसेवी गुरविंदर सिंह घुम्मन सहित अनेक गणमान्य मित्र उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित मित्रों ने विमल भाटिया के कर्मचारी हितों एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

