Pal Pal India

बिजली निजीकरण के खिलाफ बिजली कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, केंद्रीय बिजली मंत्री, हरियाणा के मुख्यमंत्री व HERC चेयरमैन के पुतले फूंके

 
  बिजली निजीकरण के खिलाफ बिजली कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, केंद्रीय बिजली मंत्री, हरियाणा के मुख्यमंत्री व HERC चेयरमैन के पुतले फूंके

सिरसा, 20 अक्टूबर  हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर्स संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर आज सिरसा सर्कल में बिजली कर्मचारियों ने बिजली के निजीकरण के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा हरियाणा बिजली नियामक आयोग (HERC) के चेयरमैन मुकेश गर्ग के पुतले फूंके। कर्मचारियों ने सरकार की निजीकरण नीतियों के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए बिजली निगमों को बचाने तथा कर्मचारियों, किसानों और आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि गुरुग्राम और नूंह जिलों में निजी कंपनी को 25 वर्षों के लिए समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने के फैसले से सरकारी बिजली निगमों के भविष्य, कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा तथा आम उपभोक्ताओं के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। कर्मचारियों का कहना है कि अधिक राजस्व वाले क्षेत्रों में निजी कंपनियों के प्रवेश से सरकारी बिजली निगमों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है, जिसका खामियाजा अंततः आम जनता को भुगतना पड़ सकता है।
संयुक्त मोर्चा ने कहा कि बिजली जैसी आवश्यक जनसेवा को निजी कंपनियों के हवाले करने के किसी भी प्रयास का कर्मचारी पुरजोर विरोध करेंगे। बिजली कर्मचारियों ने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने तथा बिजली वितरण व्यवस्था को सार्वजनिक क्षेत्र में सुरक्षित रखने की मांग की।
संयुक्त मोर्चा द्वारा घोषित संघर्ष कार्यक्रम के तहत 21 अक्टूबर को HERC के आदेश की प्रतियां जलाई जाएंगी तथा 22, 23 और 24 अक्टूबर को प्रदेशव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। कर्मचारियों ने सभी बिजली कर्मचारियों, इंजीनियरों, किसान संगठनों, उपभोक्ताओं और आम नागरिकों से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
प्रदर्शन के माध्यम से कर्मचारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि बिजली निगमों और जनहित की रक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा तथा निजीकरण के फैसले के खिलाफ आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से सतिंदर मोंगा सर्कल सचिवमदन कंबोज सर्कल सचिव सीताराम सोनी यूनिट प्रधान मीत चंद यूनिट प्रधान सुरेश मंगल सेक्रेट्री  सतवीर नाथूसरी राकेश जांगड़ा माधोसिंघाना से जसपाल अमरीक धर्मेंद्र je राकेश जांगड़ा विनोद जांगड़ा कालांवाली से लखवीर यूनिट सचिव राजवीर सुरजीत बेदी अविनाश कंबोज विजय सैनी कुलदीप सोनी राय सिंह विजय सैनी और सिरसा सर्कल के साथी उपस्थित रहे