झांसी में ईडी का एक्शन : सपा के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव और बिल्डर विजय सरावगी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी

झांसी, 08 जुलाई। उत्तर प्रदेश के झांसी में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार तड़के झांसी में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व गरौठा विधायक दीप नारायण सिंह यादव तथा बिल्डर विजय सरावगी से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। बरसात के बीच सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई से शहर में हलचल मच गई और संबंधित स्थानों पर लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार ईडी की टीम सबसे पहले पूर्व विधायक के साले के आवास पर पहुंची, जहां दस्तावेजों एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच शुरू की गई। इसके बाद स्पेस मून सिटी स्थित पूर्व विधायक के आवास तथा उनके पैतृक गांव में भी तलाशी अभियान चलाया गया। वहीं ईडी की एक टीम ने जानकी पुरम स्थित बिल्डर विजय सरावगी के आवास पर भी छापेमारी कर दस्तावेजों की पड़ताल की।
सूत्रों के अनुसार ईडी की अलग-अलग टीमें विभिन्न स्थानों पर वित्तीय लेन-देन, संपत्ति संबंधी दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटी रहीं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। टीम के वाहनों के नंबरों के आधार पर स्थानीय स्तर पर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अधिकारी लखनऊ से आए हैं, तो वहीं टीम का प्रयागराज से आना भी बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार कार्रवाई के दौरान ईडी की टीम बिल्डर विजय सरावगी को अपने साथ लेकर गई। हालांकि उन्हें किस उद्देश्य से साथ ले जाया गया और आगे की कार्रवाई क्या होगी, इस संबंध में ईडी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। समाचार लिखे जाने तक प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई जारी थी। छापेमारी के कारणों और जांच के दायरे को लेकर भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है ।हालांकि झांसी के एसएचओ सदर महेश चंद ने छापे की कार्रवाई काे लेकर किसी प्रकार की टिप्प्णी नहीं की। ऐसे में जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों और संभावित कार्रवाई की स्पष्ट तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

