Pal Pal India

ड्रग तस्कर ललित पाटिल सोमवार तक पुलिस कस्टडी में, गिरफ्तारी के बाद राजनीति गरमाई

 
 ड्रग तस्कर ललित पाटिल सोमवार तक पुलिस कस्टडी में, गिरफ्तारी के बाद राजनीति गरमाई
 मुंबई, 18 अक्टूबर  ड्रग तस्कर ललित पाटिल को कोर्ट ने सोमवार तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। मुंबई पुलिस ललित पाटिल से गहन पूछताछ कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विपक्ष ने ललित पाटिल के अस्पताल से फरार होने के मामले की जांच की मांग की है। उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ललित पाटिल की हर एंगल से छानबीन की जाएगी और सभी तथ्य सार्वजनिक किए जाएंगे।
ड्रग मामले में गिरफ्तार तस्कर ललित पाटिल पुणे के ससून अस्पताल से फरार हो गया था। मुंबई पुलिस की टीम ने बुधवार को तडक़े ललित पाटिल को चेन्नई के एक होटल से गिरफ्तार किया और उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में ललित पाटिल ने कहा कि उसे जबरन गिरफ्तार किया गया है, लेकिन कोर्ट ने उसे सोमवार तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
ललित पाटिल की गिरफ्तारी के बाद शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट की नेता सुषमा अंधारे ने कहा कि ललित पाटिल को फरार होने में सरकार में बैठे दो मंत्रियों ने मदद की थी। इसलिए गृहराज्यमंत्री शंभूराजे देसाई और नासिक जिले के संरक्षक मंत्री दादा भूसे का नार्को टेस्ट करवाया जाना चाहिए। साथ ही इन दोनों मंत्रियों के फोन काल की भी जांच की जानी चाहिए।
राकांपा शरद पवार के गुट और कांग्रेस पार्टी ने भी ललित पाटिल के अस्पताल से फरार होने की जांच कराने की मांग की है। मंत्री दादा भूसे ने कहा कि सुषमा अंधारे मामले की जांच को भटकाने के लिए इस तरह का बयान दे रही है, जबकि मंत्री शंभूराजे देसाई ने कहा कि सुषमा अंधारे को तत्काल अपने बयान से माफी मांग लेना चाहिए। नहीं तो वे कानूनी कार्रवाई करेंगे।
ललित पाटिल को पुणे पुलिस ने ड्रग मामले में गिरफ्तार किया था और उसे येरवड़ा जेल में रखा गया था। ललित पाटिल को किसी आपरेशन की वजह से पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से वह फरार हो गया था। बुधवार को मुंबई पुलिस के संयुक्त आयुक्त ने पत्रकारों को बताया कि ड्रग मामले में मुंबई पुलिस ललित पाटिल सहित 15 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में 150 किलोग्राम ड्रग जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 300 करोड़ है, जब्त किया है। मामले की गहन छानबीन जारी है। ललित पाटिल ससून अस्पताल से कैसे फरार हुआ, इसकी भी छानबीन की जाएगी।