Pal Pal India

डॉ. अर्चना गुप्ता का सिरसा में होगा भव्य स्वागत, भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह : गुरदेव सिंह राही

 
 डॉ. अर्चना गुप्ता का सिरसा में होगा भव्य स्वागत, भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह : गुरदेव सिंह राही

 रानियां, 28 जून। 
हरियाणा माटी कला बोर्ड के पूर्व चेयरमैन गुरदेव सिंह राही ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के 30 जून को सिरसा के बेगू रोड स्थित रिद्धि-सिद्धि रिसोर्ट में आयोजित अभिनंदन एवं स्वागत समारोह को लेकर पूरे सिरसा जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद डॉ. अर्चना गुप्ता संगठनात्मक प्रवास के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर रही हैं, जहां कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 जून को उनका सिरसा आगमन होगा।
          गुरदेव सिंह राही ने बताया कि डॉ. अर्चना गुप्ता सायं 4 बजे रिद्धि-सिद्धि रिसोर्ट पहुंचेंगी, जहां सिरसा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों, मंडलों एवं मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे। उन्होंने कहा कि रानियां विधानसभा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता समारोह में भाग लेंगे।
          उन्होंने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष का यह दौरा संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद को और मजबूत करेगा तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार करेगा। उन्होंने सिरसा जिले के सभी भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर समारोह को ऐतिहासिक और सफल बनाने का आह्वान किया।
          गुरदेव सिंह राही ने विश्वास व्यक्त किया कि यह समारोह भाजपा की संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का प्रभावी संदेश देगा।