Pal Pal India

जनविरोधी नीतियों पर जवाब दे धामी सरकार, उत्तराखंड बदलाव के लिए तैयार - कुमारी सैलजा

 
 जनविरोधी नीतियों पर जवाब दे धामी सरकार, उत्तराखंड बदलाव के लिए तैयार - कुमारी सैलजा

 लोहाघाट की जनसभा में महिला सुरक्षा, रोजगार और जनसेवाओं पर उठाए सवाल, बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में चढ़ावे का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग

लोहाघाट (उत्तराखंड), 18 नवंबर। 

सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा की धामी सरकार को अपनी जनविरोधी नीतियों और अधूरे वादों का जवाब देना होगा। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा को वरिष्ठ नेताओं के साथ संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि दूर-दराज से आए लोगों की भागीदारी प्रदेश में बदलाव की आकांक्षा और कांग्रेस के प्रति बढ़ते भरोसे का संकेत है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सरकार से जवाब मांगना जनता का अधिकार है। पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। युवाओं को रोजगार के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा, इस पर भी सरकार स्पष्ट जवाब दे।  सैलजा ने  कहा कि भाजपा सरकार अपने काम का आकलन करे और बताए कि उसकी घोषणाओं से आम परिवारों को कितना लाभ मिला।

बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में सोने से जुड़े आरोपों का उल्लेख करते हुए सैलजा ने चढ़ावे का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की। सांसद ने कहा कि साधारण परिवारों की महिलाएं भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार 50 या 100 रुपये श्रद्धा से अर्पित करती हैं। श्रद्धालुओं को यह जानने का अधिकार है कि धामों में कितना चढ़ावा आया, उसका उपयोग कैसे हुआ और उसकी देखरेख की जिम्मेदारी किसकी है। सरकार आरोपों पर तथ्य सामने रखे और जांच की स्थिति सार्वजनिक करे।

सैलजा ने कहा कि कांग्रेस महिला सुरक्षा, युवाओं के रोजगार, बेहतर शिक्षा और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे प्रदेशभर में उठाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे और श्रद्धालुओं के चढ़ावे का हिसाब देना जवाबदेही का सवाल है। धामी सरकार को इन सवालों का जवाब उत्तराखंड की जनता के सामने देना होगा।