Pal Pal India

दिल्ली सरकार की शिक्षा व्यवस्था देश में सर्वोत्तम हो : रेखा गुप्ता

 
  दिल्ली सरकार की शिक्षा व्यवस्था देश में सर्वोत्तम हो : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 5 मार्च  दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में विकसित दिल्ली बजट को लेकर शिक्षाविदों के साथ संवाद किया। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जो देश में सर्वोत्तम हो। इस दिशा में हम निरंतर प्रयासरत हैं। इस संवाद में शिक्षा से जुड़े विशेषज्ञों, शिक्षकों और विभिन्न संगठनों ने अपने विचार साझा किए। मुख्यमंत्री ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही चुनौतियों पर खुलकर चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। उन्होंने कहा कि यह संवाद दिल्ली के समग्र विकास और आगामी बजट को और प्रभावी बनाने में सहायक होगा।
दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को नए स्तर पर ले जाने और सरकारी व निजी स्कूलों के बीच की खाई को हटाने के उद्देश्य से आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि सरकार जनता के सुझावों को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि हमारी ईमेल आईडी और व्हाट्सएप नंबर पर सैकड़ों सुझाव प्राप्त हो रहे हैं। हमारी टीम उन सभी सुझावों की समीक्षा कर रही है ताकि दिल्ली की जनता को एक सर्वश्रेष्ठ बजट प्रदान किया जा सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि यह बजट दिल्ली के नागरिकों का बजट होगा, जो राजधानी की समृद्धि और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि हम इसे जनता के बजट के रूप में पेश करेंगे, जिससे हर नागरिक को यह महसूस हो कि यह वास्तव में उनकी आकांक्षाओं का बजट है।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विकसित दिल्ली बजट 2025-26 के लिए विभिन्न महिला संगठनों के साथ संवाद कर महिलाओं के सशक्तिकरण व कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विकसित दिल्ली के हमारे लक्ष्य में आप सभी का योगदान अनमोल है। महिला संवाद कार्यक्रम में आकर आपने जो बहुमूल्य विचार साझा किए, इसके लिए मैं आप सभी बहनों का हार्दिक अभिनंदन करती हूं। आपके द्वारा दिए गए सुझावों को हम 2025-26 के दिल्ली बजट में शामिल करेंगे, जिससे हमारी सरकार दिल्ली के विकास पथ पर और भी तेज गति से आगे बढ़ सकेगी।