बीपीएमएस के शिविर में दिल्ली के डॉक्टरों ने की 160 मरीजों की जांच
25 रोगियों का नेत्र ऑपरेशन के लिए चयन
Jun 17, 2026, 13:58 IST

हर जरूरतमंद के द्वार तक पहुंचती है हमारी संस्था: संजय गुप्ता
भिवानी 17 जून समाज सेवा, स्वास्थ्य सेवा और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में नित नए क्षितिज तलाश करने और बुलंदी तक पहुंचने का कीर्तिमान स्थापित करने वाली संस्था भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) के 41 वें निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर में फिर मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में आयोजित शिविर में कुल 160 मरीजों की ओपीडी हुई, 25 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयन हुआ। कई कैंसर आशंकित मरीजों की जांच की गई। दिल्ली के दो बड़े अस्पतालों के वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की नेत्र व स्वास्थ्य जांच की।
भिवानी परिवार मैत्री संघ के संयुक्त सचिव और कैंप के संयोजक संजय गुप्ता ने बताया कि दिल्ली के विख्यात वेणु आई हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेन्टर के अनुभवी चिकित्सकों ने ने नेत्र रोगियों की गहन जांच की। 25 मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन इसी अस्पताल में किया जाएगा।
इसके अलावा राजीव गांधी कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान संस्थान के नामी डॉक्टर मरीजों की स्वास्थ्य एवं कैंसर जांच के लिए शिविर में आए थे।
संजय गुप्ता ने कहा कि भिवानी परिवार मैत्री संघ हर जरूरतमंद के द्वार तक पहुंच कर मदद करने को तत्पर रहता है। रोगी को उच्च स्तरीय इलाज उपलब्ध करवाने , गरीब की बेटी के विवाह के लिए भात भरने में बीपीएमएस ने मिसाल कायम की है।
संजय गुप्ता ने बताया कि बीपीएमएस समाज सेवा का अपना दायरा बढ़ाने जा रहा है। कई नए दायित्वों को इसमें शामिल किया जाएगा।

