Pal Pal India

6 दिन की रिमांड पर भेजे गए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

 
 6 दिन की रिमांड पर भेजे गए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली, 22 मार्च। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 6 दिन की ईडी रिमांड पर भेजा गया है। गुरुवार को दिल्ली शराब घोटाला मामले में केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया था। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राउज एवेन्यू अदालत में पेश किया था। प्रवर्तन निदेशालय ने निचली अदालत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की 10 दिन की रिमांड की मांग की थी। अरविंद केजरीवाल की तरफ से कोर्ट में वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी पेश हुए। दोनों पक्षों को सुनने के बाद राउथ एवेन्यू कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।  ईडी ने उनकी हिरासत का अनुरोध करते हुए अदालत से कहा कि अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के अन्य मंत्रियों और नेताओं के साथ शराब घोटाले में मुख्य साजिशकर्ता थे। अरविंद केजरीवाल ने ‘साउथ ग्रुप ’ और शराब घोटाले के आरोपियों के बीच बिचौलिए की भूमिका निभाई। ईडी ने कोर्ट को बताया कि अरविंद केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति तैयार करने, लागू करने के लिए ‘साउथ ग्रुप’ से रिश्वत के रूप में कई करोड़ रुपये मिले। अरविंद केजरीवाल ने पंजाब चुनाव के लिए ‘साउथ ग्रुप ’ से कुछ आरोपियों से 100 करोड़ रुपये की मांग की थी। आम आदमी पार्टी एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक ‘कंपनी’ है, इसलिए ‘कंपनी’ के संचालन के लिए जिम्मेदार प्रत्येक व्यक्ति को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
मुख्यमंत्री केजरीवाल के वकील ने आबकारी नीति मामले में अदालत से कहा कि पैसे के लेन-देन की कडिय़ां जोडऩे के वास्ते आगे की जांच किए जाने को गिरफ्तारी के लिए आधार नहीं बनाया जा सकता। वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने अदालत से कहा कि भारत के इतिहास में यह पहली बार है कि एक मौजूदा मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी की शक्ति, गिरफ्तारी की आवश्यकता के समतुल्य नहीं है, इस व्यक्ति (अरविंद केजरीवाल) को गिरफ्तार करने की कोई आवश्यकता नहीं है। सिंघवी ने अदालत में कहा कि आम आदमी पार्टी के चार और वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार किया गया है, (चुनाव के लिए) गैर बराबरी का माहौल पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उधर केजरीवाल की गिरफ्तार के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने दिल्ली, हरियाणा व पंजाब में विरोध प्रदर्शन किया। कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
केजरीवाल ने निराश किया:जस्टिस हेगड़े
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज और पूर्व सॉलिसिटर जनरल जस्टिस एन संतोष हेगड़े ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने निराश किया। 10 साल पहले इंडिया अगेंस्ट करप्शन के आंदोलन के दौरान जस्टिस हेगड़े, केजरीवाल के साथ रहे थे। जस्टिस हेगड़े ने कहा कि साफ दिखता है, जब कोई सत्ता में रहता है तो लालच हावी हो जाता है। मैंने सोचा था कि ्र्रक्क साफ-सुथरा प्रशासन करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यह इस बात का संकेत है कि सत्ता भ्रष्ट करती है और पूर्ण सत्ता पूरी तरह भ्रष्ट करती है।
बीजेपी को कीमत चुकानी होगी:शरद पवार
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर शरद पवार बोले- एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। इसका पहला उदाहरण कांग्रेस के साथ देखने को मिला। उनका खाता फ्रीज कर दिया गया। उनके प्रचार पर पानी फेरा गया। पहले झारखंड के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया। अब दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है। विरोधियों की आवाज दबाने के लिए एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है, मैं इसका विरोध करता हूं।
जेल से चलेगी सरकार:
दिल्ली के स्पीकर रामनिवास गोयल ने कहा- अगर ईडी के पास सबूत हैं तो उन्हें पेश करना चाहिए। वे (ईडी) रिमांड क्यों मांग रहे हैं? अब बात रही हमारे पास विकल्प की तो हम सरकार चलाएंगे, आंदोलन करेंगे। अब ये जरूर देखना होगा कि सरकार कैसे चलाते हैं। पार्टी का निर्णय है कि मुख्यमंत्री नहीं बदला जाएगा। जेल से सरकार चलेगी।
चुनाव आयोग से मिले विपक्षी नेता
विपक्ष के नेताओं ने चुनाव आयोग से मुलाकात की। इसके बाद कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि उन्होंने चुनाव आयोग से कहा- केजरीवाल की गिरफ्तारी गंभीर और व्यापक मुद्दा है। यह भारत के संविधान के मूल ढांचे से सीधा संबंध रखता है। संविधान कहता है कि कोई संविधानिक संशोधन मूल ढांचे के खिलाफ होता है तो वह असंवैधानिक होता है।