मणिपुर में छह नागा ग्रामीणों की हत्या के आरोप में दंपती गिरफ्तार

इंफाल, 10 जुलाई। मणिपुर पुलिस, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने एक संयुक्त अभियान में 13 मई को लेइलोन वाइफेई गांव में छह नागा ग्रामीणों की हत्या में कथित तौर पर शामिल दो लोगों को गिरफ़्तार किया है।
मणिपुर पुलिस के अनुसार, यह अभियान शुक्रवार की सुबह खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था। सुरक्षा बलों ने लेइलोन वाइफेई गांव में एक चिह्नित अभियान चलाया, जिसके बाद दो संदिग्धों को गिरफ़्तार किया गया।
गिरफ़्तार लोगों की पहचान प्रदीप और उसकी पत्नी अयिंगबी के तौर पर हुई है। ये दोनों लेइलोन वाइफेई गांव के निवासी बताये गये हैं। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान तलाशी और ज़ब्ती की कार्रवाई की गई और अभी सभी ज़रूरी कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं।
यह मामला 13 मई को लेइलोन वाइफेई गांव में छह नागा लोगों की हत्या से जुड़ा है। चूंकि जांच अभी चल रही है, इसलिए अधिकारियों ने इस बारे में विस्तार से जानकारी साझा नहीं की है।

