Pal Pal India

जनविरोधी फैसलों के खिलाफ संघर्ष तेज करेगी कांग्रेस, उत्तराखंड दौरे पर कुमारी सैलजा

 अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को घेरेंगी; आज से  22 नवंबर तक जनसभा और संगठनात्मक बैठकों का कार्यक्रम
 
 जनविरोधी फैसलों के खिलाफ संघर्ष तेज करेगी कांग्रेस, उत्तराखंड दौरे पर कुमारी सैलजा

 चंडीगढ़ /सिरसा, 17 नवंबर। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा प्रदेश में कांग्रेस की वापसी की तैयारियों को मजबूती देने के लिए एक बार फिर व्यापक दौरा करेंगी। 17 से 22 नवंबर तक विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से संवाद, जनसभा और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकों के माध्यम से संगठन को सक्रिय करने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने की रणनीति तैयार की जाएगी।

कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार जनविरोधी निर्णय लेकर जनता की कठिनाइयां बढ़ा रही है। युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और पर्वतीय क्षेत्रों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के सवालों पर सरकार को जवाब देना होगा। महंगाई, पलायन, भर्ती प्रक्रियाओं पर उठते सवाल और भ्रष्टाचार के आरोपों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती।

सांसद ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में परिवार की न्याय की मांग और उठाए गए सवालों का पारदर्शी समाधान जरूरी है। महिला सुरक्षा केवल घोषणाओं से सुनिश्चित नहीं होगी; निष्पक्ष जांच, जवाबदेही और संवेदनशील शासन आवश्यक हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर अपना लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी।

उत्तराखंड में कुमारी सैलजा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में कांग्रेस ने न्याय यात्रा, जनसंवाद तथा विरोध कार्यक्रमों के जरिए अंकिता भंडारी प्रकरण, बेरोजगारी, पलायन और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व के साथ इन आंदोलनों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जनता के सवालों को सड़क से सदन तक उठाने पर जोर दिया था। 

दौरा कार्यक्रम के अनुसार आज नवंबर को टनकपुर में चंपावत विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। 18 नवंबर को लोहाघाट की जनसभा के बाद वह पिथौरागढ़ में कार्यकर्ताओं से मिलेंगी और भाजपा सरकार के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में भाग लेंगी।

19 नवंबर को बेरीनाग में गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र तथा 20 नवंबर को बागेश्वर में कपकोट और बागेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगी। 21 नवंबर को थराली में बैठक के बाद देहरादून पहुंचेंगी। 22 नवंबर को राजीव भवन में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ विचार-विमर्श होगा।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच जाएं, स्थानीय समस्याएं सुनें और समाधान के लिए संघर्ष करें। कांग्रेस उत्तराखंड को जनहित, सामाजिक न्याय और जवाबदेह शासन पर आधारित मजबूत राजनीतिक विकल्प देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी।