Pal Pal India

हिमाचल में महिलाओं के फॉर्म भरवा कर जनता को ठगने निकली कांग्रेस: अनुराग ठाकुर

 
 हिमाचल में महिलाओं के फॉर्म भरवा कर जनता को ठगने निकली कांग्रेस: अनुराग ठाकुर
शिमला, 18 मई  केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर से भाजपा प्रत्याशी अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर झूठी गारण्टियों से जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। कांगड़ा जिला के चिंतपूर्णी और जसवां प्रागपुर में शनिवार को आयोजित चुनावी सभाओं में अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस ने पहले तो अपनी झूठी गारण्टियाँ पूरी नहीं की और अब फिर जनता को ठगने के लिए फॉर्म भरवाते घूम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 16 महीने पूर्व झूठे वादों के दम पर कांग्रेस ने हिमाचल में सरकार बनाई थी। आज तक उन्होंने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। लोकसभा के चुनाव के समय उन्होंने फिर से माताओं व बहनों को फॉर्म भरवा कर ठगने का प्लान बनाया है। जैसे इससे पहले भी इन्होंने हिमाचलवासियों को फॉर्म के नाम पर ठगा था, वैसे ही इस बार भी ये लोग फॉर्म को कूड़ेदान में फेंक देंगे।
अनुराग ने कहा कि हिमाचल में जब कांग्रेस की सरकार बनी थी तो यहां के मुख्यमंत्री ने खुलेआम कहा था कि हमने 97 फ़ीसदी हिंदुओं को हराकर सरकार बनाई है। कहीं इनकी मंशा कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के तर्ज पर यहां भी एसटी, एससी और ओबीसी का आरक्षण काटकर मुसलमानों को देने की तो नहीं है?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में ना हमारी सेना सुरक्षित थी ना हमारी सीमा सुरक्षित थी। जबकि मोदी के शासनकाल में हमारी सेना मज़बूत हुई, सेना का मनोबल बढ़ा और हमारी सीमा चाकचौबंद हुई।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का हाथ हमेशा विदेशी ताकतों के साथ रहता है। इन्होंने हजारों एकड़ भारतीय भूमि दुश्मनों के हवाले कर दी और उसके बाद भी आज जब हमारी सेना डोकलाम में अपनी वीरता का परिचय दे रही थी तब राहुल गांधी चीनी अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रहे थे। जब हमारी सेना ने आतंकियों को पाकिस्तान में घुसकर मारा तब यह लोग सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांग रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में पाकिस्तान से आतंकी आकर भारतीयों को सरेआम मारते थे और कांग्रेस की सरकार हाथ पर हाथ धर कर बैठी रहती थी। सरहदों पर पाकिस्तान हमारे सैनिकों के सर काट लेटा था मगर कांग्रेस की सरकार मौन धारण किए रहती थी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में सेना के लिए जो कार्य हुए हैं, वह पिछले 60 वर्षों में भी नहीं हुए होंगे। हमने सेना की वर्षों पुरानी मांग, वन रैंक वन पेंशन को लागू किया। अभी तक एक लाख करोड़ से ज्यादा पैसा हम हमारे बहादुर पूर्व सैनिकों को दे चुके हैं। कांग्रेस ने तो अपने 10 वर्षों में सेना को एक भी बुलेट प्रूफ जैकेट तक नहीं दिया। उनके दौर में सेना जरूरी साजो सामान के लिए तरसती थी। इन्होंने सैन्य सामानों में भी घोटाले किए। लेकिन मोदी ने सेना को सभी अत्याधुनिक हथियार दिलाए।
अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि 10 वर्षों पहले देश ने कांग्रेस पार्टी की भ्रष्ट और अराजक सरकार को उखाड़ कर भाजपा की ईमानदार सरकार को चुना था। इन 10 वर्षों में मोदी ने देश की आशाओं और आकांक्षाओं पर शत प्रतिशत खरा उतरने का काम किया है। आज देश के अंदर तो आमूल चूल परिवर्तन हुए ही हैं इसके साथ-साथ भारत का डंका विदेशों में भी बजा है।