मुख्यमंत्री व भाजपा अध्यक्ष के गृह जिलों से चुनावी बिगुल फूंकेगी कांग्रेस

चंडीगढ़, 25 अक्टूबर पंजाब में विपक्षी दल कांग्रेस राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के गृह जिले से चुनावी शंखनाद करेगी। आगामी चार नवंबर को लोकसभा मेें नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पंजाब के संगरूर में पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सरदार परगट सिंह ने रविवार को राहुल गांधी के दौरे की पुष्टि करते हुए कहा कि यह दौरा पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि मालवा की धरती से चुनावी अभियान को नई दिशा और गति देने के साथ पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिशन 2027 के लिए पूरी तरह तैयार रहने का संदेश दिया जाएगा। परगट सिंह ने कहा कि मालवा पंजाब की राजनीति में अहम स्थान रखता है और इस क्षेत्र की विधानसभा सीटें चुनाव परिणामों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। संगरूर से चुनावी अभियान को आगे बढ़ाना पंजाब कांग्रेस की रणनीति का अहम हिस्सा होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य जमीनी स्तर पर जनता के साथ संपर्क मजबूत करना और पंजाब के लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 2027 के चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाना पार्टी की प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी। उनके अनुसार राहुल गांधी का दौरा पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने के लिए प्रेरित करेगा। सरदार परगट सिंह ने कहा कि पंजाब कांग्रेस मिशन 2027 को ध्यान में रखते हुए अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को केंद्र में रखकर अपना अभियान आगे बढ़ाएगी और पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल मजबूत किया जाएगा। 4 नवंबर को संगरूर में होने वाला कार्यक्रम इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

