Pal Pal India

हरिद्वार में कुमारी सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च

 
 हरिद्वार में कुमारी सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च

 हरिद्वार 07 अक्टूबर उत्तराखंड में कांग्रेस की प्रभारी, सिरसा से सांसद एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा के नेतृत्व में बुधवार को हरिद्वार में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

मार्च की शुरुआत शिवमूर्ति चौक से हुई और कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद पार्क होते हुए सुभाष घाट की ओर बढ़े। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया।

मार्च से पहले कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गंगा में डुबकी लगाई तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची की निष्पक्षता से जुड़े सवालों को लेकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस पार्टी की नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ा मुद्दा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चला रही है। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अपने सवालों को लेकर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।