Pal Pal India

*कागजों में गली निर्माण मामले में कार्रवाई न होने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल*

 जांच कमेटी को रिपोर्ट सौंपे एक माह बीतने को
 
 *कागजों में गली निर्माण मामले में कार्रवाई न होने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल*

 सिरसा 22 अक्टूबर  प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कागजों में गली निर्माण के मामले में जांच कमेटी की रिपोर्ट सौंपे जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जांच कमेटी द्वारा उपायुक्त को रिपोर्ट सौंपे हुए करीब एक माह होने को है, लेकिन अभी तक इस मामले में किसी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे प्रशासन की भूमिका सवालों के घेरे में आ गई है।

जारी बयान में शर्मा ने कहा कि नगर परिषद से जुड़े गली निर्माण के मामले में सरकारी रिकॉर्ड और मौके की स्थिति में अंतर सामने आया है। उन्होंने कहा कि जांच कमेटी स्वयं यह स्वीकार कर चुकी है कि सरकारी रिकॉर्ड में जितनी गलियों का निर्माण दर्शाया गया है, उतनी गलियां वास्तव में मौके पर बनी ही नहीं हैं। ऐसे में यह स्पष्ट होता है कि निर्माण कार्य में घपला हुआ है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि नगर परिषद के भ्रष्ट अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार की मिलीभगत से कथित तौर पर बड़े घोटाले को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब जांच कमेटी ने मामले की जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी थी, तो उसके बाद प्रशासन को त्वरित प्रभाव से कार्रवाई करनी चाहिए थी। राजकुमार शर्मा ने कहा कि सरकार लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का दावा करती है, लेकिन इस मामले में कार्रवाई में हो रही देरी से सरकार की इस नीति पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई ही नहीं करनी थी तो जांच कमेटी गठित करने का औचित्य क्या था। इससे यह आशंका भी पैदा होती है कि जांच कमेटी का गठन केवल लोगों को गुमराह करने के लिए किया गया था। शर्मा ने प्रशासन से मांग की कि जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए और इसमें जिम्मेदार पाए गए अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ठेकेदारों के नाम भी सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में सरकारी धन और विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता करने से पहले लोग कई बार सोचें।शर्मा ने जिला प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई कर पूरी स्थिति जनता के सामने स्पष्ट करने की मांग की।